Goa: देर रात 1.30 बजे एमजीपी के दो विधायक भाजपा में शामिल हुए
नई दिल्ली। गोवा में देर रात महाराष्ट्र गोमंटक पार्टी के विधायकों ने भाजपा का हाथ थामम लिया। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि एमजीपी के दो विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। बता दें कि गोवा में भाजपा सरकार के लिए एमजीपी का समर्थन काफी जरूरी था। ऐसे में जिस तरह से एमजीपी के दो विधायक भाजपा में शामिल हुए हैं उसके बाद भाजपा की कुल सीटें कांग्रेस के बराबर हो गई हैं। एमजीपी के दो विधायक मनोहर अजगोनकर और दीपक पौष्कर ने गोवा सरका को स्थिर बनाने के लिए भाजपा का हाथ थाम लिया है। मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि दोनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद हमारे पास कुल 14 विधायक हो गए हैं।

देर रात 1.30 बजे पहुंचे विधानसभा स्पीकर के पास
बता दें कि एमजीपी के पास कुल तीन विधायक थे, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुदीन धावलीकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री हैं। गौर करने वाली बात यह है कि प्रदश में विधानसभा की कुल 40 सीटें हैं ऐसे में इन दो विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के कुल विधायकों की संख्या बराबर हो गई है। दोनों ही पार्टियों के पास अब 14-14 विधायक हैं। विधानसभा स्पीकर माइकल लोबो ने बताया कि दोनों विधायकों ने देर रात 1.30 बजे भाजपा में शामिल होने के लिए अपना पत्र दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

तमाम औपचारिकताएं पूरी
लोबो ने बताया कि एमजीपी के विधायकों में दो हिस्से हो गए हैं, दो तिहाई एमजीपी विधायकों ने एक अलग गुट बना लिया है और वो भाजपा में शामिल हो गए हैं। भारतीय संविधान के अनुसार तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के पर्यटन मंत्री और एमजीपी विधायक मनोहर अजगोनकर ने कहा कि अगली सरकार भाजपा की ही होगी, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी जहां भी जाते हैं, लोग कहते हैं कि मोदी की वजह से गोवा में विकास हुआ है। बतौर दलित मैं एमजीपी के अस्तित्व को लेकर सुनिश्चित नहीं था, बहुजन समाज के नेता लावू मामलेदकर को एमजीपी से निलंबित कर दिया गया था।

हमने अपनी खुशी से ग्रहण की सदस्यता
वहीं पौष्कर का कहना है कि हमने अपनी खुशी से भाजपा की सदस्यता ली है। शपथ ग्रहण आज दोपहर 12 बजे गोवा की राज्यपाल की उपस्थिति में होगा। हमे गोवा के मुख्यमंत्री जो भी मंत्रालय देंगे उसे स्वीकार करेंगे। वहीं गोवा में एमजीपी के विधायकों के भाजपा में शामिल होने की आलोचना करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चीफ प्रवक्ता सुनील कावथंकर ने कहा कि भाजपा ने साबित कर दिया है कि वह अपने सहयोगियों के लिए चुनौती है। इससे साबित होता है कि वह देशभर में अपने गठबंधन के साथियों को चुनाव से पहले अपने दल में शामिल कर लेना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications