IIT JEE: सुपर 30 में 26 ने मारी बाजी, आनंद कुमार अब 90 छात्रों को देंगे फ्री कोचिंग
पटना। आईआईटी जेईई एडवांस्ड के परिणामों में इस बार भी आनंद कुमार के फेमस सुपर 30 के 26 छात्रों को कामयाबी मिली है। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला दिलाने के लिए आनंद कुमार 2002 से सुपर 30 नाम से कोचिंग चला रहे हैं जिसके अधिकांश छात्र हर साल आईआईटी परीक्षा में बाजी मारते हैं।

जब रविवार को आईआईटी जेईई एडवांस्ड 2018 के रिजल्ट की घोषणा हुई तो सुपर 30 ने इस बार फिर कमाल किया। 26 छात्रों के सफल होने पर सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने अहम घोषणा करते हुए कहा कि वे अब अगले साल के लिए आर्थिक रूप से कमजोर बैकग्राउंड वाले 90 छात्रों को आईआईटी जेईई परीक्षा की तैयारी कराएंगे।
आनंद कुमार ने कहा कि 90 छात्रों के इस बैच को चुनने के लिए वो जल्दी ही एक प्रवेश परीक्षा कराएंगे। इस बार के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यह देखकर संतोष होता है कि जहां विकास की बयार नहीं पहुंची वहां के छात्र बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। आईआईटी जेईई परीक्षा में सुपर 30 में तैयारी कर पास हुए ओनिरजीत गोस्वामी ने कहा कि आनंद सर ने जो सहयोग किया है, उसे हम कभी भुला नहीं सकते। झारखंड के सूरज कुमार के पिता गरीब किसान हैं और बेटे की सफलता से बहुत खुश हैं।
सूरज ने कहा कि आनंद सर ने मार्गदर्शन के साथ हमें हौसला भी दिया। सभी छात्रों ने सर आनंद कुमार को अपनी सफलता का श्रेय दिया। अब आनंद कुमार अपने सुपर 30 के विचार को विस्तार देना चाहते हैं और 90 छात्रों को कोचिंग देने की योजना बना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications