विजय को PM बनाने की मांग से कांग्रेस नाराज! अब 9 सितंबर को TVK की बड़ी बैठक, खतरे में है तमिलनाडु सरकार?

तमिलनाडु की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के भीतर और उसके सहयोगियों के बीच खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। मुख्यमंत्री और टीवीके अध्यक्ष सी जोसेफ विजय ने 9 सितंबर को गठबंधन के दलों की बैठक बुलाई है। यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब पार्टी के कुछ नेता विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का प्रधानमंत्री चेहरा बनाने की खुली पैरवी कर रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस साफ कर चुकी है कि 2029 के लिए उसकी पसंद राहुल गांधी हैं।

बैठक के लिए टीवीके के वरिष्ठ मंत्रियों ने माकपा, भाकपा और एमडीएमके के नेताओं से मुलाकात कर उन्हें बुलाया है। शुरुआत में कांग्रेस को न्योता दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी। हालांकि बाद में टीवीके की ओर से शनिवार को तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिक्कम टैगोर को भी बुलाने की तैयारी की बात सामने आई। वंचित बहुजन चिरुथैगल काची (VCK) अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन को भी निमंत्रण भेजे जाने की बात कही गई है। वह फिलहाल नई दिल्ली में हैं।

Vijay PM candidate 2029

विजय को पीएम बनाने की बात क्यों भड़की?

विवाद की शुरुआत टीवीके के कुछ विधायकों के बयानों से हुई। कवुंडमपालयम की विधायक कनिमोझी ने दावा किया कि 2029 में विजय ही टीवीके के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला दिल्ली से नहीं बल्कि तमिलनाडु की जनता करेगी।

कनिमोझी ने राहुल गांधी को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, "जिस तरह राहुल गांधी के समर्थन से विजय मुख्यमंत्री बने, उसी तरह राहुल गांधी उनका हाथ पकड़कर उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाएंगे।" रानीपेट की विधायक आई थाहिरा और ऊर्जा, संसाधन एवं कानून मंत्री आर एन निर्मल कुमार ने भी विजय की राष्ट्रीय भूमिका की वकालत की। यहीं से कांग्रेस के साथ मतभेद खुलकर सामने आ गए।

कांग्रेस ने कहा- ये 'फैन माइंडसेट' है

कांग्रेस विधायक दल की नेता थरहाई कथबर्ट ने टीवीके नेताओं के इन बयानों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ नए विधायक अभी भी विजय के प्रशंसक वाले नजरिए से बाहर नहीं निकल पाए हैं। कथबर्ट के मुताबिक, "मुख्यमंत्री पहले ही साफ कर चुके हैं कि गठबंधन की तरफ से प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी का नाम है।

नए विधायक अपने नेता के समर्थन में बोल रहे हैं, लेकिन इससे गठबंधन की तय रणनीति नहीं बदलती।" तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिक्कम टैगोर ने भी विजय को प्रधानमंत्री बनाने की चर्चा को ध्यान भटकाने वाला कदम बताया। उनका कहना है कि आखिर प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला जनता करेगी।

वाम दल सरकार में आएंगे या बाहर रहेंगे?

टीवीके की 9 सितंबर की बैठक से पहले वाम दलों का रुख भी दिलचस्प है। टीवीके के मंत्रियों एन आनंद, आधव अर्जुन, सीटीआर निर्मल कुमार और ए राजमोहन ने माकपा और भाकपा नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान वाम दलों को सरकार में शामिल होने का प्रस्ताव फिर दिया गया।

भाकपा के प्रदेश सचिव एम वीरापांडियन ने साफ कहा कि फिलहाल वाम दल सरकार का हिस्सा बनने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने टीवीके सरकार को सिर्फ इसलिए समर्थन दिया है, ताकि राज्य में राष्ट्रपति शासन की स्थिति न बने।

वीरापांडियन ने कहा, "हमने सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। शुक्रवार को भी ऐसा प्रस्ताव आया था। अब मुख्यमंत्री की तरफ से मंत्रियों के जरिए रखी गई राजनीतिक बातों पर हमारी बैठक में चर्चा होगी।"

माकपा प्रदेश सचिव पी शनमुगम ने मंत्रियों की मुलाकात को फिलहाल शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने यह भी कहा कि टीवीके सरकार ने छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन को रोकने से जुड़े मुख्य सचिव एम साई कुमार के परिपत्र और वाम दलों के सदस्यों की जानकारी जुटाने वाले तहसीलदार के आदेश पर माफी मांगी है।

9 सितंबर की बैठक में कौन आएगा?

पहली समन्वय बैठक 1 जुलाई को हुई थी, लेकिन वाम दल उसमें शामिल नहीं हुए थे। अब 9 सितंबर की बैठक टीवीके की दूसरी बड़ी कोशिश है कि सहयोगी दलों को एक मंच पर लाया जाए। हालांकि सूत्रों के मुताबिक वाम दल इस बैठक से भी दूरी बना सकते हैं।

एमडीएमके महासचिव वाइको ने टीवीके सरकार के शुरुआती चार महीनों के कामकाज की तारीफ की। उन्होंने खास तौर पर विधानसभा में विजय के भाषणों की सराहना की। वहीं टीवीके की तरफ से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता केडर मोहिद्दीन को भी फोन पर बैठक का न्योता दिया गया है।

असली सवाल 2029 का है?

टीवीके और कांग्रेस की साझेदारी फिलहाल तमिलनाडु की सरकार तक सीमित है। टीवीके औपचारिक तौर पर इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। ऐसे में चेन्नई में दोनों दल सत्ता के साझेदार हैं, लेकिन 2029 के राष्ट्रीय चुनाव को लेकर उनकी राह अलग दिख रही है।

टीवीके के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है। कांग्रेस के पास पांच विधायक और सरकार में दो मंत्री हैं। ऐसे में विजय को प्रधानमंत्री चेहरा बनाने की मांग अगर आगे बढ़ती है, तो इसका असर सिर्फ 2029 की रणनीति पर नहीं पड़ेगा। इससे मौजूदा सरकार और गठबंधन की स्थिरता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।

9 सितंबर की बैठक इसलिए सिर्फ सहयोगियों की औपचारिक बैठक नहीं मानी जा रही। यह बैठक बताएगी कि विजय की राष्ट्रीय राजनीति की महत्वाकांक्षा और सहयोगी दलों की अपनी-अपनी राजनीतिक लाइन के बीच टीवीके किस तरह संतुलन बनाती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+