'उन लड़कियों के मां-बाप जब ऐसी खबरें पढ़ते हैं, तो...' पर्ल पुरी के मामले पर सामने आईं अस्मिता सूद
'पर्ल पुरी और मैंने साल 2015 में अपने पहले टेलीविजन सीरियल में एक साथ काम किया था और उस वक्त...'
मुंबई, 5 जून: छोटे पर्दे के स्टार और सीरियल 'नागिन-3' फेम एक्टर पर्ल वी पुरी इन दिनों मुश्किलों में घिरे हुए हैं। पर्ल पुरी के खिलाफ मुंबई पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। शुक्रवार देर रात पुलिस ने पर्ल पुरी को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शनिवार को उन्हें वसई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पर्ल पुरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। हालांकि एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखते हुए दावा किया कि पर्ल पुरी को जमानत मिल गई है। इस बीच मामले को लेकर पर्ल पुरी के साथ काम कर चुकीं एक्ट्रेस अस्मित सूद का भी बयान सामने आया है।

'पूरी बात पता चली तो मैं हैरान रह गई'
अस्मित सूद ने पर्ल वी पुरी के साथ टीवी सीरियल 'फिर भी ना माने बदतमीज दिल' में काम किया था। एंटरटेनमेंट वेबसाइट 'स्पॉटबॉय' की खबर के मुताबिक, अस्मित सूद ने पर्ल वी पुरी की गिरफ्तारी के मामले पर कहा, 'मुझे मैसेज और फोन कॉल के जरिए सुबह पता चला कि बीती रात पर्ल पुरी को गिरफ्तार किया गया है। मुझे इस मामले के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, इसलिए मैंने डिटेल पढ़ने के लिए थोड़ा समय लिया और जब मुझे पूरी बात पता चली तो मैं एकदम हैरान रह गई।'

'जरा कल्पना कीजिए उस डर की, जो...'
एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'टीवी इंडस्ट्री में काम करने वाली एक इंडिपेंडेट महिला होने के नाते मुझे पता है कि हमें हर दिन यहां कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। लोगों के लिए एक पीड़ित, केवल एक इंसान होता है, लेकिन ऐसे मामलों में पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। जरा कल्पना कीजिए युवा उम्र की लड़कियों के उन माता-पिता के डर और मानसिक हालात का, जो ऐसी खबरें पढ़ते होंगे। खासकर उन लड़कियों के मां-बाप, जो इस इंडस्ट्री में वास्तव में अपना करियर बनाना चाहती हैं।'

'मैं जिस पर्ल को जानती थी, वो...'
अस्मित सूद ने इस मामले को लेकर बताया, 'पर्ल और मैंने साल 2015 में अपने पहले टेलीविजन सीरियल में एक साथ काम किया था और उस वक्त मैं जिस पर्ल को जानती थी, वो पूरी तरह से अपने करियर पर फोकस करने वाला इंसान था और अपनी मां के बेहद करीब था। ये दो बातें ऐसी हैं, जो किसी को भी विश्वास दिला सकती हैं कि वो कुछ ऐसा नहीं कर सकता, जैसा उसके ऊपर आरोप है। हम सब इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि हमारी इंडस्ट्री कितनी तेजी से बदल रही है। हालांकि मैं पिछले करीब आधे दशक से पर्ल के संपर्क में नहीं हूं। मुझे नहीं पता कि इतने सालों में क्या हुआ और वास्तव में क्या हो सकता था।'

'मुझे उम्मीद है कि न्याय होगा'
अस्मिता सूद ने कहा, 'इस इंडस्ट्री में काम करने वाले हम सभी लोग, चाहे वो एक्टर हों, डायरेक्टर, प्रोडक्शन टीम या फिर मीडिया हो, हम सबकी ये जिम्मेदारी है कि हम ऐसी चीजों को स्वीकार ना करें, जो स्वीकार करने लायक नहीं हैं। हमारी जिम्मेदारी ये भी है कि हम इस इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने वाले लोगों के लिए एक अच्छा माहौल बनाएं। मुझे उम्मीद है कि सक्षम अधिकारी इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच करेंगे और आखिर में न्याय होगा।'

पर्ल पुरी के समर्थन में आईं ये एक्ट्रेस
आपको बता दें कि इस मामले पर टीवी इंडस्ट्री की कई एक्ट्रेस ने पर्ल वी पुरी पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्हें सपोर्ट किया है। अभी तक एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना, क्रिस्टिल डिसूजा, अनीता हसनंदानी और दिग्गज प्रोड्यूसर एकता कपूर पर्ल पुरी के समर्थन में उतर चुकी हैं। करिश्मा तन्ना ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पर पर्ल पुरी के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की और दावा किया कि पर्ल पुरी को इस मामले में जमानत मिल गई है।

कौन हैं पर्ल वी पुरी
पर्ल वी पुरी टीवी इंडस्ट्री के एक जाने-माने एक्टर और मॉडल हैं। पर्ल पुरी ने 2013 में टीवी सीरियल 'दिल की नजर से खूबसूरत' के जरिए एक्टिंग की शुरुआत की थी और इसके बाद 'फिर भी ना माने...बदतमीज दिल', 'मेरी सासु मां' और 'नागार्जुन-एक योद्धा' जैसे कई धारावाहिकों में काम किया। एकता कपूर के प्रोडक्शन में बने सीरियल 'नागिन-3' और 'बेपनाह प्यार' से पर्ल वी पुरी को टेलिविजन की दुनिया में खास पहचान मिली।












Click it and Unblock the Notifications