तेलंगाना में भी राजा रघुवंशी जैसी हत्या, शादी के कुछ हफ्तों बाद ही पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खूनी कहानी
Triangle Love Story Murder Case: मेघालय में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड से देश अभी उभर भी नहीं था कि तेलंगाना के जोगुलांबा गडवाल जिले में एक नवविवाहित युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। इस हत्याकांड के तार ना सिर्फ़ पारिवारिक विश्वासघात से जुड़े हैं, बल्कि इसमें एक ऐसी साजिश का खुलासा हुआ है, जिसमें पत्नी, उसका प्रेमी, और कई अन्य लोग शामिल पाए गए हैं।
पुलिस ने गुरुवार को इस दिल दहला देने वाले मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 32 वर्षीय गण्टा तेजेश्वर की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ऐश्वर्या और उसके 35 वर्षीय प्रेमी तिरुमला राव ने मिलकर रची थी। इस साजिश में छह अन्य लोगों को भी शामिल पाया गया है, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

लव ट्रायंगल में मिला धोखे का इनाम
गण्टा तेजेश्वर, गडवाल टाउन के राजवीधीनगर का रहने वाला था। वह एक निजी भूमि सर्वेक्षक और डांस टीचर था। उसका विवाह 18 मई 2025 को 23 वर्षीय ऐश्वर्या से हुआ था। लेकिन शादी के महज एक महीने के भीतर ही उसकी हत्या कर दी गई।
तेजेश्वर 17 जून की सुबह अपने घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने 18 जून को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि तेजेश्वर कुछ परिचितों के साथ कार में जाते हुए देखा गया था। इसके बाद 21 जून को आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के पन्यम टाउन के पास एक नहर के किनारे तेजेश्वर का शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब थी - सिर पर वार के निशान, गला रेता हुआ और पेट में चाकू के कई घाव थे।
लव ट्रायंगल से हत्याकांड तक: कैसे रची गई साजिश?
इस हत्याकांड के पीछे की कहानी पुलिस जांच में सामने आई। ऐश्वर्या का विवाह भले ही तेजेश्वर से हुआ था, लेकिन वह अपने पुराने प्रेमी तिरुमला राव के साथ संबंध बनाए हुए थी। तिरुमला, जो कुरनूल में एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी में मैनेजर है, पहले ऐश्वर्या की मां सुजाता के साथ प्रेम संबंध में था - सुजाता उसी ऑफिस में स्वीपर का काम करती थी। समय के साथ राव का ध्यान सुजाता की बेटी ऐश्वर्या की ओर गया, और दोनों में संबंध शुरू हो गए। राव ने ऐश्वर्या से शादी का वादा भी किया था। लेकिन ऐश्वर्या पर पारिवारिक दबाव के चलते मई में तेजेश्वर से शादी कर दी गई।
शादी के बाद राव और ऐश्वर्या के लिए संबंध बनाए रखना मुश्किल हो गया। दोनों ने तय किया कि अगर तेजेश्वर को रास्ते से हटा दिया जाए, तो वे साथ रह सकते हैं। यही सोचकर उन्होंने हत्या की साजिश रची।
हत्या का खौफनाक प्लान: GPS से ट्रैकिंग से लेकर धोखे से बुलावा और बेरहमी से हत्या
तिरुमला राव ने अपने संपर्कों के ज़रिये एक कमीशन एजेंट कुम्मारी नागेश से संपर्क किया और उसे तेजेश्वर को "दोस्ती के बहाने फांसकर मारने" का टास्क दिया। नागेश और उसके साथियों को तेजेश्वर की बाइक में गुप्त रूप से एक GPS ट्रैकर लगाकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। 17 जून को नागेश और दो अन्य सहयोगियों ने तेजेश्वर को एक ज़मीन सर्वेक्षण के बहाने कुरनूल बुलाया।
लौटते समय, एर्रावल्ली और गडवाल के बीच सुनसान इलाके में कार के भीतर ही तेजेश्वर की बर्बर हत्या कर दी गई - सिर पर वार, गला रेतना और पेट में चाकू से हमला करना इस निर्मम अपराध का हिस्सा था। हत्या के बाद तिरुमला राव मौके पर पहुँचा और शव को गुप्त रूप से HNSS नहर के पास फेंकने का निर्देश दिया, ताकि किसी को शक न हो। रास्ते में हत्यारों ने अपने कपड़े बदले और तेजेश्वर का मोबाइल व अन्य सामान भी नहर में फेंक दिया।
हत्यारों को दिया ₹3 लाख की सुपारी
तेलंगाना पुलिस के अनुसार, तिरुमला राव ने हत्या के दिन ही नागेश और उसके सहयोगियों को ₹1 लाख का एडवांस दिया, और 20 जून को ₹2 लाख और अदा किए। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद ऐश्वर्या और राव लद्दाख भागने की योजना बना रहे थे, ताकि वे साथ रह सकें और पकड़े न जाएं। पुलिस की तत्परता और निगरानी के चलते सभी आठ आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इनमें मुख्य आरोपी ऐश्वर्या, तिरुमला राव, नागेश और अन्य छह लोग शामिल हैं। जिला पुलिस अधीक्षक टी. श्रीनिवास राव ने प्रेस को बताया कि मामले की गहराई से जांच जारी है और इस अपराध से जुड़े हर पहलू को सार्वजनिक किया जाएगा।
प्रेम, लालच और
गण्टा तेजेश्वर की हत्या एक ऐसा मामला है, जिसमें प्यार, धोखा, पारिवारिक दबाव और आपराधिक मानसिकता की घातक मिलावट ने एक मासूम जीवन छीन लिया। एक तरफ जहां ऐश्वर्या ने पति की हत्या करवाकर प्रेमी से शादी करने की योजना बनाई, वहीं तिरुमला राव ने पहले माँ और फिर बेटी से संबंध रखकर घिनौनी चाल चली। यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि सामाजिक मूल्यों, रिश्तों और नैतिकता पर भी एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।












Click it and Unblock the Notifications