पीयूष गोयल से भी ज्यादा अमीर हैं उनकी पत्नी सीमा गोयल, जानिए दंपत्ति के पास है कुल कितनी संपत्ति?
नई दिल्ली, 14 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्रीय कैबिनेट में बीते कुछ दिनों में बड़ा फेरबदल देखने को मिला। केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका दिए जाने के बाद पुराने मंत्रियों को भी उनके काम का इनाम मिला। प्रमोशन पाने वाले मंत्रियों की सूची में अब सबसे बड़ा नाम पूर्व रेल मंत्रि पीयूष गोयल का जुड़ गया है। बुधवार को पीयूष गोयल को राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) संसदीय दल के सदन का नेता नियुक्त किया गया। बता दें कि कैबिनेट में फेरबदल के बाद पीयूष गोयल वाणिज्य मंत्री बनाए गए, इसके अलावा उनके पास उपभोक्ता एवं खाद्य और आपूर्ति मंत्रालय भी है।

पीयूष गोयल को मिला बड़ा प्रमोशन
राज्यसभा में सदन के नेता के रूप में पीयूष गोयल पूर्व केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत की जगह लेंगे, जिन्हें हाल ही में राज्यपाल बनाया गया है। मालूम हो कि मोदी कैबिनेट में शामिल किए गए 43 नए मंत्री अपनी संपत्ति को लेकर काफी चर्चा में रहे। एक रिपोर्ट के मुताबिक मोदी टीम के चार मंत्रियों के पास 50 करोड़ से अधिक की संपत्ति है जिनमें पीयूष गोयल का भी नाम शामिल है। मायनेता.इन्फो की वेबसाइट के मुताबिक पीयूष गोयल के पास 95 करोड़ से भी अधिक है।

मुंबई में हुआ था जन्म
पीयूष गोयल की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनका जन्म 13 जून 1964 को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में हुआ था। पीयूष गोयल के पिता का नाम वेदप्रकाश गोयल और माता का नाम चंद्रकांता गोयल था। पीयूष गोयल एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट रहे हैं, जिन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के बोर्ड में कार्य किया है। भाजपा के सदस्य के रूप में अपने लंबे कार्यकाल में, उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाओं में काम किया। साल 2010 में राज्यसभा के लिए चुने गए और बाद में 2016 में दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुने गए।

पीयूष गोयल के पास कितनी संपत्ति?
मायनेता.इन्फो की मानें तो पीयूष गोयल के राज्यसभा चुनाव के इनकम एफिडेविट के अनुसार उनके पास 95,37,86,434 रुपए की संपति है। इसके अलावा उनके ऊपर 11,46,63,494 रुपए का कर्ज भी है। नकदी की बाद करें तो केंद्रीय मंत्री के पास साढे़ तीन लाख रुपए से अधिक कैश हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास सिर्फ 1222 रुपए की नकद हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि पीयूष गोयल से ज्यादा उनकी पत्नी सीमा गोयल का संपत्ति पर अधिकार है।

पीयूष गोयल से ज्यादा अमीर हैं पत्नी सीमा
रिपोर्ट के मुताबिक कुल संपत्ति में से पीयूष गोयल के नाम सिर्फ 25,25,95,223 रुपए संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी सीमा 50,57,75,000 रुपए की संपत्ति की मालकिन हैं। दंपत्ति के बैंक अकाउंट और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में कुल 5,20,25,524 रुपए हैं। इसके अलावा 42,68,30,294 रुपए के शेयर्स पीयूष गोयल और उनकी पत्नी सीमा गोयल के नाम हैं। वहीं पति-पत्नी के नाम 43,38,031 रुपए का जीवन बीमा है, साथ ही उनके ऊपर 25,06,82,420 रुपए का लोन भी है।

गहनों और गाड़ियों के शौकीन हैं पीयूष
बताया जाता है कि पीयूष गोयल गहनों और गाड़ियों के भी शौकीन हैं, हलफनामें के मुताबिक उनके पास 2,03,54,000 के सोना-चांदी के गहने और घडियां हैं। इसके अलावा उनके पास एक टोयोटा कोरोला जिसकी कीमत 15 लाख और दूसरी टोयोटा कैमरी हाइब्रिड कार है जिसकी कीमत 34 लाख से भी अधिक है। सीमा गोयल के पास कोई कार नहीं है लेकिन वह 1,76,80,000 रुपए के सोने-चांदी के गहने की मालकिन हैं।

पीयूष गोयल और सीमा के पास है तीन घर
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के पास 65 लाख रुपए से अधिक अन्य अचल संपत्ति है। पीयूष गोयल के परिवार के पास 3 घर है जिसमें से दो उनकी पत्नी सीमा के नाम है। मुंबई स्थित एक घर पीयूष गोयल के नाम है जिसकी मार्केट वैल्यू 3,28,44,000 रुपए हैं वहीं, सीमा गोयल के नाम दो फ्लैट हैं जिनकी कुल मार्केट वैल्यू 13,38,00,300 रुपए है। इस प्रकार पीयूष गोयल के पास कहने को 95 करोड़ रुपए हैं लेकिन इसमें से आधी से ज्यादा संपत्ति उनकी पत्नी के नाम है। रिपोर्ट के मुताबिक पीयूष गोयल या सीमा गोयल को पास कोई भी लाइसेंसी हथियार नहीं है।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल बनाए गए राज्यसभा में नेता सदन, थावरचंद गहलोत की लेंगे जगह












Click it and Unblock the Notifications