चीन सीमा विवाद को लेकर आज हो सकती है अहम बैठक, लद्दाख से लेकर अरुणाचल तक के हालात पर होगी चर्चा
नई दिल्ली: लद्दाख में पिछले चार महीने से एलएसी पर विवाद जारी है। इसके अलावा अरुणाचल और सिक्किम से लगती सीमाओं पर भी चीन की गतिविधियां बढ़ रही हैं। जिससे साफ होता है कि चीन सीमा पर नई चाल चलने की फिराक में है। इसको देखते हुए भारतीय सेना और देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व ने कमर कस ली है। ऐसे में चीन सीमा विवाद को लेकर आज एक अहम बैठक हो सकती है।

Recommended Video
न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सीमा पर चीनी गतिविधियों को लेकर आज एक अहम बैठक होगी, जिसमें शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व और सेना के बड़े अधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में लद्दाख से लेकर अरुणाचल तक के हालात पर विस्तार से चर्चा होगी, जिसमें डोकलाम और भूटान में चीनी गतिविधियां भी शामिल हैं।
हाल ही में रूस में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने चीनी समकक्ष से बात की थी। जिसके बाद कोर कमांडर लेवल की बैठक पर सहमति बनी, इसमें हो रही देरी पर भी आज की बैठक में चर्चा की जाएगी। कोर कमांडर की बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले पांच चरण की वार्ता विफल ही रही, क्योंकि उसमें कोई ठोस नतीजे नहीं निकल पाए थे।
भारतीय सेना ने उड़ाई चीन की नींद
आपको बता दें कि इन दिनों चीन भारतीय सेना की गतिविधियों से काफी परेशान है। भारतीय सेना पीछे हटने के बजाए चीनी घुसपैठ का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। हाल ही में चीनी सैनिकों ने पैंगोंग झील के पास LAC का उल्लंघन करने की कोशिश की थी, जिस पर भारतीय सेना ने उन्हें वापस खदेड़ दिया था। इसके अलावा कई ऊंची चोटियों पर भारत का कब्जा है, जहां से हमारी सेना चीनी गतिविधियों की निगरानी कर रही है। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने लद्दाख में 45 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की है।












Click it and Unblock the Notifications