ईडी दफ्तर से निकलते ही भाजपा पर बरसे अभिषेक बनर्जी, बोले- आपके 25 विधायक हमारे संपर्क में
नई दिल्ली, 6 सितंबर: तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुए। ईडी दफ़्तर में पूछताछ के बाद बाहर आने के बाद अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र की सरकार को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने अपने खिलाफ मामले को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि टीएमसी देश में भाजपा के सामने लड़ रही है, इसलिए ऐसा किया। बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी के 25 विधायकों के टीएमसी के संपर्क में होने की बात भी कही।
Recommended Video

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने ईडी ऑफिस के बाहर कहा, 8 घंटे मुझसे सवाल-जवाब किए गए। अगर मेरे खिलाफ सबूत है कि मैंने 10 पैसे का भी लेनदेन किया है तो मुझे फांसी पर चढ़ा दीजिए, मैं तैयार हूं लेकिन मेरे खिलाफ कुछ नहीं है। सच ये है कि जो भाजपा के खिलाफ लड़ता है भाजपा उसे परेशान करती है, वही मेरे साथ हो रहा है।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मेरी बीजेपी को चुनौती है कि अगर मेरे खिलाफ कोई सबूत है तो उसे लोगों के सामने लाए। भाजपा को लगता है दूसरे दलों की तरह टीएमसी डर जाएगी और घर में बैठ जाएगी तो वो गलत हैं। उनको जो करना है, कर लें। सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग और किसी भी अन्य एजेंसी को लगा दें लेकिन हम नहीं झुकेंगे। हमें राजनीतिक तौर पर ना हरा पाने का बदला वो ले रहे हैं।
बनर्जी ने कहा कि टीएमसी हर उस राज्य में जाएगी जहां भाजपा सत्ता में है और भाजपा को हराएगी। आपको (भाजपा) जो करना है करें लेकिन हम रुकेंगे नहीं, 2024 में टीएमसी आपको हराएगी। पश्चिम बंगाल में बीजेपी में सब ठीक ना होने का इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि 25 बीजेपी विधायक लाइन में हैं, टीएमसी में आना चाहते हैं लेकिन हम उन्हें पार्टी में ले रहे हैं।
ईडी ने भेजा था समन
अभिषेक बनर्जी को ईडी की ओर से कोल ब्लॉक आवंटन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के कथित आरोपों को लेकर समन जारी किया गया था। जिसके बाद आज वो दिल्ली स्थिति ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुए। ये मामला आसनसोल और उसके आसपास कुनुस्तोरिया और कजोरा इलाकों में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से कोयला घोटाले से जुड़ा है। ईडी का दावा है कि अभिषेक बनर्जी इस अवैध लेनदेन में लाभार्थी थे।












Click it and Unblock the Notifications