15 अप्रैल के बाद दिल्ली की गर्मी झुलसाएगी, पारा पहुंचेगा 44 डिग्री के पार
नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड के बाद इस बार दिल्ली वासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस बार भीषण गर्मी और लू की वजह से लोगों को काफी मुश्किल होने वाली है। जानकारी के अनुसार इस बार अप्रैल माह में पारा 44 डिग्री को पार कर सकता है, ऐसे में दिल्ली वासियों के लिए इस बार की गर्मी काफी गला सुखाने वाली साबित होने वाली है। ना सिर्फ भीषण गर्मी बल्कि इस बार कम बारिश की आसार की वजह से लोगों को लू का भी सामना करना पड़ सकता है।

44 डिग्री जाएगा पारा
जानकारी के अनुसार इस बार पारा 44 डिग्री को पार कर सकता है और लू के साथ प्रदूषण की भी मार झेलनी पड़ सकती है। दरअसल अंदेशा है कि इस महीने धूल भरी आंधी चल सकती है, ऐसे में लोगों को प्रदूषण से भी दो चार होना पड़ सकता है। दिल्ली में लू का दौर 20 अप्रैल के बाद शुरू होता है, लेकिन इस बार आसार हैं कि 15 अप्रैल से ही दिल्ली में लू शुरू हो जाएगी। जिसके बाद लगातार पारा बढ़ता जाएगा। दिल्ली का पारा 14 व 15 अप्रैल को 40 डिग्री के पार जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण दिल्ली में इस बार गर्मी शुरू से ही काफी ज्यादा रही है।

10 अप्रैल से खत्म होगा सुहाना मौसम
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के निदेशक डॉक्टर कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इश हफ्ते पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली का मौसम अच्छा रहेगा, लेकिन 10 अप्रैल के बाद इसका असर खत्म हो जाएगा और भीषण गर्मी शुरू हो जाएगी। तापमान 15-20 अप्रैल के बीच 40 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि पहली बार यह 44 डिग्री तक भी जा सकता है। पिछले वर्ष अधिकतम तापमान अप्रैल माह में 43.2 डिग्री था।

तीन महीने भीषण गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में भीषण गर्मी जून माह तक रहेगी। इस बार जनवरी माह में तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री, फरवरी में 2.7 डिग्री और मार्च में 3.3 डिग्री अधिक रहा था, जिसकी वजह से इस वर्ष गर्मी के अधिक रहने की पूरी संभावना है। अप्रैल, मई और जून सबसे ज्यादा झुलसाने वाला महीना रहेगा। यइन तीन महीनों में पारा 1.5 डिग्री अधिक रहने की उम्मीद है। बहरहाल अहम बात यह है कि पहाड़ों पर भी इस बार काफी अधिक गर्मी होगी। जम्मू, हिमाचल और उत्तराखंड में भी पारा सामान्य से दो डिग्री अधिक रहेगा।
इसे भी पढ़ें- 'एक हफ्ते से चिकन नहीं खाया था सलमान ने, खुद काटी चिंकारा की गर्दन, रात 2.30 बजे बना मीट'












Click it and Unblock the Notifications