पहले की चोरी फिर मालिक को लौटाए सोने के गहने, साथ में भेजा माफीनामा
अलाप्पुझा (केरल)। केरल में बेहद खास मामला सामने आया है जब एक चोर ने पहले एक घर में घुसकर चोरी की। बाद में उसे अपने किए पर पछतावा होने लगा और उसने चोरी किए हुए गहनों को वापस करने का फैसला कर लिया। इतना ही नहीं इस शख्स ने चुराए हुए सभी गहने तो इसके मालिक के पास भेजे ही, साथ में एक पत्र भेजकर माफी भी मांगी। माफीनामा भेजने का ये पूरा मामला अलाप्पुझा इलाके की है।

मंगलवार को हुई चोरी की वारदात
पुलिस ने बताया कि पूरा घटनाक्रम मंगलवार को सामने आया। दरअसल करुमैडी के मधु कुमार मंगलवार शाम को अपने परिवार के साथ अपने बड़े भाई के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए गए थे। इस दौरान जल्दबाजी में उनके घर का दरवाजा खुला रह गया। रात करीब 10.30 बजे जब वो वापस लौटे तो देखा कि घर में सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी।

चोर ने वापस लौटाए गहने
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मधु कुमार ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई साथ ही एक संदिग्ध का नाम भी बताया। पुलिस ने तुरंत ही चोरी के मामले पर कार्रवाई शुरू की। हालांकि इसके बाद जो हुआ वो बेहद दिलचस्प था।

चोर ने साथ में भेजा माफीनामा
हुआ यूं कि गुरुवार को अचानक ही मधु कुमार को अपने खोए हुए गहने वापस मिल गए। इतना ही नहीं गहनों के साथ एक माफीनामा भी उन्हें मिला है। इस माफीनामे में लिखा था कि कृपया मुझे माफ कर दीजिए। मैंने आपके गहने चुराए क्योंकि मुझे पैसों की सख्त जरूरत थी। मैं ऐसा दोबारा नहीं करूंगा। कृपया मेरे खिलाफ पुलिस में शिकायत नहीं करें।












Click it and Unblock the Notifications