VIDEO: घंटा बजाकर मंदिर में घुसा चोर और देवी मां के गहनों पर किया हाथ साफ
चोर ने मंदिर परिसर में किसी के न होने का फायदा उठाकर मंदिर में विराजमान देवी के गले में पहनाए गए गहनों पर ही हाथ साफ किया।
पुणे। गलत काम करनेवालों को अक्सर कहा जाता है कि कम से कम भगवान से तो डरो। आजकल भगवान का डर शायद किसी को नहीं रहा गया है। खासकर चोरों को तो बिल्कुल नहीं रह गया है जिसका जीता-जागता उदाहरण इस वीडियो में देखा जा सकता है। पुणे के पिंपरी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में ही चोर देवी के गहने चोरी करके ले गया।

चोर को शायद पता था कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरा है इसलिए चोर जब मंदिर में चोरी करने आया तो मुंह पर कपड़ा बांधकर आया था। इस वीडियो में साफ देख सकते हैं कि किस तरह चोर ने मंदिर परिसर में किसी के न होने का फायदा उठाकर मंदिर में विराजमान देवी के गले में पहनाए गए गहनों पर ही हाथ साफ किया। देवी के गले से सोने के गहने चुराता हुआ चोर सीसीटीवी में कैद हो गया। चोर ने बड़ी ही चालाकी से 2 से 3 मिनट के अंदर ये चोरी की, ये चोरी गुरुवार की देर रात डेढ़ बजे के करीब की गई।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक देवी के गले में करीब 17 से 18 तोले सोने के गहने थे। चोर ने मुंह पर रूमाल बांधा हुआ था और भगवान के दर्शन का बहाना करके मंदिर में प्रवेश हुआ। यहां तक कि मंदिर में प्रवेश करने से पहले मंदिर का घंटा भी बजाया था। मंदिर का प्रवेश द्वार खोला और देवी मां की मूर्ती के गले से सोने के गहने निकालकर वहां से फरार हो गया।
मंदिर के पुजारी को इस बात का पता चलते ही तुरंत उसने इसकी जानकारी पिंपरी पुलिस को दी। पुलिस ने परिसर व सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने ये मामला दर्ज कर लिया है। इस मंदिर में पिछले दो महीने से सुरक्षागार्ड नहीं होने की वजह से चोर ने मौके का फायदा उठाया। मुंह पर रूमाल बांधे होने की वजह से चोर की पहचान नहीं हो सकी है।












Click it and Unblock the Notifications