एकमात्र बैंक, जहां आप अब भी बदल सकते हैं 500-1000 के पुराने नोट
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को ही एक बयान जारी कर कहा है कि 500 और 1000 के पुराने नोट आप आरबीआई के काउंटर से 30 दिसंबर तक बदल सकते हैं।
नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय के इस ऐलान के बीच कि 500 और 1000 के पुराने नोट शुक्रवार से अब किसी बैंक में नहीं बदले जाएंगे, आपके लिए एक अच्छी खबर भी आई है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को ही एक बयान जारी कर कहा है कि 500 और 1000 के पुराने नोट आप आरबीआई के काउंटर से 30 दिसंबर तक बदल सकते हैं।
बयान में कहा गया है कि नोट बदलने की पहले से तय सीमा के अनुसार, जोकि 2 हजार रुपए प्रति व्यक्ति है, आप अपने पुराने नोट बदल सकते हैं। इस बयान के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि गुरुवार को वित्त मंत्रालय ने ऐलान किया था कि 500 और 1000 के नोटों को बदलने की समय सीमा को खत्म किया जा रहा है। शुक्रवार से 500 और 1000 के पुराने नोट नहीं बदले जाएंगे।
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि अब बैंकों और पोस्ट ऑफिस में पैसे नहीं बदलवाए जा सकेंगे। अब पुराने नोट सिर्फ बैंक और डाकघरों में जमा किए जा सकते हैं।
नहीं चलेगे 1000 रुपए के नोट
जिन जगहों पर अभी तक पुराने नोट चलाए जाने की छूट दी गई थी, अब उन जगहों पर सिर्फ 500 रुपए के नोट चलेंगे। ये नोट 15 दिसंबर तक इन जगहों पर चलेंगे। ये नोट पेट्रोल पंप, दवा की दुकानों, टोल टैक्स, पानी-बिजली का बिल जमा कराने में काम आ सकेंगे।
सरकार ने अब कुछ और सहूलियतें दे दी हैं। नई सहूलियत के अनुसार सरकारी स्कूल और कॉलेज में दो हजार तक की फीस पुराने 500 के नोटों में दे सकते हैं। इतना ही नहीं, अब प्री पेड मोबाइल वाले लोग अपने पुराने 500 के नोट से एक बार रिचार्ज करा पाएंगे।
टोल बूथ 2 दिसंबर तक टोल टैक्स फ्री
विदेशी नागरिक एक हफ्ते में 5000 रुपए तक बदलवा पाएंगे, जिसकी पासपोर्ट पर एंट्री भी होगी। अभी टोल बूथ 2 दिसंबर तक टोल टैक्स फ्री रहेंगे, लेकिन उसके बाद टोल टैक्स लगेगा। हालांकि, 3 से 15 दिसंबर तक पुराने 500 रुपए के नोट से भुगतान किया जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications