Tesla की भारत में धमाकेदार एंट्री, मुंबई में खुला पहला शोरूम, जानिए कब से मिलेंगी कारें
Tesla India showroom: भारत में इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है, क्योंकि टेस्ला (Tesla) ने आखिरकार आज भारत में अपने पहले शोरूम के साथ ऑफिशियल एंट्री कर लिया है। एलन मस्क (Elon Musk) की अगुवाई वाली यह वैश्विक ईवी (EV) निर्माता कंपनी मंगलवार, 15 जुलाई 2025 को मुंबई के प्रतिष्ठित बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (Bandra Kurla Complex - BKC) स्थित मेकर मैक्सीटी मॉल (Maker Maxity Mall) में अपने पहले शोरूम का उद्घाटन कर रही है।
टेस्ला की भारत में एंट्री की चर्चा काफी लंबे समय से चल रही थी। कई बार इसकी संभावनाओं पर विराम भी लगा, लेकिन अब यह सपना साकार हो गया है। कंपनी के भारत में पहले शोरूम के साथ अब भारतीय उपभोक्ताओं के लिए टेस्ला की कार खरीदना संभव हो जाएगा।

Tesla के कौन-कौन से मॉडल होंगे उपलब्ध?
फिलहाल, टेस्ला के Model Y SUV को भारतीय बाजार में उतारने की चर्चा है। यह वही मॉडल है जो अमेरिका और चीन जैसे बाजारों में पहले से ही लोकप्रिय है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अगस्त 1 से भारत में अपनी पहली कारों की डिलीवरी शुरू कर सकती है।
हालांकि शुरुआत में सिर्फ एक मॉडल के साथ एंट्री की जा रही है, लेकिन जैसे-जैसे बिक्री में इज़ाफा होगा, टेस्ला अन्य मॉडल्स को भी भारतीय बाजार में उतार सकती है।
इम्पोर्ट ड्यूटी बनी बड़ी चुनौती
भारत में विदेशी इलेक्ट्रिक वाहनों पर भारी आयात शुल्क लागू है, जो टेस्ला के लिए सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। कंपनी ने पहले भी कई बार इस मुद्दे को उठाया है। एलन मस्क ने सार्वजनिक मंचों पर इस बात को लेकर चिंता जताई थी कि भारत में विदेशी ईवी पर 70% तक का इम्पोर्ट ड्यूटी लगाया जाता है, जिससे इन कारों की कीमतें काफी बढ़ जाती हैं।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ला की Model Y SUV की कीमत भारत में करीब $56,000 (लगभग ₹46 लाख) हो सकती है, जो इसके अंतरराष्ट्रीय मूल्य से करीब ₹10 लाख अधिक है। यह अंतर पूरी तरह से आयात शुल्क के कारण है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टेस्ला की छह Model Y कारें पहले ही शंघाई (Shanghai) से भारत भेजी जा चुकी हैं। ये कारें पहले परीक्षण और प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल की जाएंगी, इसके बाद बिक्री और डिलीवरी की प्रक्रिया शुरू होगी।
क्या भारत में बनेगी टेस्ला की कार?
अब सवाल उठता है कि क्या टेस्ला भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी लगाएगी? इस पर अभी तक कंपनी की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। पहले की रिपोर्ट्स में कहा गया था कि टेस्ला फिलहाल भारत में अपने वाहन आयात कर उन्हें शोरूम के जरिए बेचना चाहती है, न कि यहीं निर्माण करना।
हालांकि, भविष्य में यदि टेस्ला को भारत में अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है और सरकार की ओर से आयात शुल्क में रियायत मिलती है, तो कंपनी स्थानीय उत्पादन पर भी विचार कर सकती है। इससे न केवल कीमतों में कमी आएगी, बल्कि रोजगार और तकनीकी क्षेत्र में भी भारत को फायदा मिलेगा।
सीएम फडणवीस ने किया कंपनी का स्वागत
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टेस्ला के पहले शोरूम के उद्घाटन पर कंपनी का गर्मजोशी से स्वागत किया और इसे देश के लिए एक बड़ा क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा बयान है कि टेस्ला अब भारत में आ चुकी है - और वह भी बिल्कुल सही शहर और राज्य में।
सीएम फडणवीस ने कहा, "यह सिर्फ एक अनुभव केंद्र का उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह एक स्पष्ट संदेश है कि टेस्ला आ गई है - और वह भी सही शहर और राज्य में, यानी मुंबई और महाराष्ट्र में। मुंबई नवाचार (innovation) और टिकाऊपन (sustainability) के लिए जानी जाती है। टेस्ला सिर्फ एक कार या कार कंपनी नहीं है, यह नवाचार और सतत विकास का प्रतीक है।"
उन्होंने टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क के विजन की भी सराहना की और कहा कि यह कदम भारत के इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर के लिए क्रांतिकारी साबित हो सकता है।
टेस्ला इंडिया का पहला संकेत - "Coming Soon"
टेस्ला ने हाल ही में अपनी इंडियन सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट जारी कर इस बात का संकेत दिया था कि कंपनी जल्द भारत में दस्तक देने वाली है। "Coming Soon" लिखे इस टीजर के साथ एक ग्राफिक साझा किया गया था, जिससे यह स्पष्ट हो गया था कि जुलाई 2025 में कंपनी की भारतीय बाजार में शुरुआत तय है।
भारत में ईवी क्रांति के इस नए चरण की शुरुआत के साथ टेस्ला की एंट्री निश्चित रूप से देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की दिशा को एक नया मोड़ दे सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारी आयात शुल्क और प्रतिस्पर्धा के बीच टेस्ला भारतीय उपभोक्ताओं को कैसे आकर्षित करती है और किस रणनीति के साथ आगे बढ़ती है। टेस्ला की भारत में यह शुरुआत न केवल ब्रांड के लिए एक बड़ा अवसर है, बल्कि भारतीय ईवी उद्योग के लिए भी एक बड़ा मील का पत्थर है।












Click it and Unblock the Notifications