आतंक के डॉक्टर का पर्दाफाश! देश में दो बड़ी आतंकी साजिशें नाकाम, 300 किलो आरडीएक्स बरामद
देश में आतंकी संगठनों की बड़ी साजिशों का जाल एक बार फिर बेनकाब हुआ है। एक ओर जहां जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में छापा मारकर 300 किलोग्राम आरडीएक्स, एके-47 राइफल और सैकड़ों कारतूस बरामद किए। वहीं दूसरी ओर गुजरात एटीएस ने रासायनिक जहर से हमला करने की योजना बना रहे एक डॉक्टर समेत तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ही मामलों में पुलिस और खुफिया एजेंसियों की सतर्कता से देश में बड़ा धमाका और जनहानि होने से टल गई। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी डॉक्टर अपने-अपने नेटवर्क के जरिए देश को दहलाने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में करीब 300 किलोग्राम आरडीएक्स, एके-47 राइफल, 84 कारतूस और पांच लीटर केमिकल मिला है।

छापेमारी में 14 बैग मिले
ये बरामदगी डॉक्टर मुजाहिल शकील की निशानदेही पर की गई। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने तीन महीने पहले यह कमरा किराए पर लिया था और मकान मालिक से कहा था कि इसमें उसका निजी सामान रहेगा। सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह पुलिस की 10 से ज्यादा गाड़ियां फरीदाबाद के एक कमरे पर पहुंचीं और डॉक्टर की मौजूदगी में तलाशी ली।
इस दौरान 14 बैग बरामद किए गए, जो देखने में काफी भारी थे। इन बैगों में आरडीएक्स और अन्य हथियार रखे गए थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बरामद सामान की कुल संख्या 48 आइटम बताई जा रही है। फिलहाल स्थानीय पुलिस और डीसीपी एनआईटी ने किसी आधिकारिक पुष्टि से इनकार किया है, लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस जल्द मामले का खुलासा कर सकती है।
सहारनपुर से श्रीनगर तक जांच
दूसरी ओर, जांच एजेंसियां श्रीनगर के डॉ. आदिल के कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। डॉ. आदिल पर आरोप है कि उसने श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाए थे। उसे तीन दिन पहले श्रीनगर पुलिस ने सहारनपुर में एक अस्पताल से गिरफ्तार किया था। डॉ. आदिल के घर की तलाशी में भी एके-47 राइफल मिली है। एजेंसियां अब सहारनपुर से लेकर अनंतनाग तक उसके नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
गुजरात में जहर से हमला करने की साजिश नाकाम
इधर, गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद में एक डॉक्टर समेत तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग देश में 'जहर' के जरिये आतंकी हमला करने की तैयारी में थे। आरोपियों के पास से तीन विदेशी पिस्तौल, 30 कारतूस और चार लीटर कैस्टर ऑयल बरामद हुआ है। इसका इस्तेमाल 'रिकिन' नामक घातक रासायनिक जहर बनाने में होता है।
रिकिन एक बेहद खतरनाक जहर है, जो शरीर में प्रवेश करने पर कोशिकाओं में प्रोटीन बनने की प्रक्रिया रोक देता है। इससे शरीर के अंग काम करना बंद कर देते हैं। एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. अहमद मोहीउद्दीन सैयद (तेलंगाना निवासी), आजाद सुलेमान शेख और सुहैल (उत्तर प्रदेश निवासी) शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: DEHRADUN में स्वाति बनकर रह रही थी मरियम, शिवली बनी सना, आपरेशन कालनेमि में बॉग्लादेश की दो महिलाएं गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications