यशवंत सिन्हा ने अर्थव्यवस्था पर उठाए सवाल, उपराष्ट्रपति ने ऐसे दिया जवाब
यशवंत सिन्हा के सहारे पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'मैं देश भर में घूमता हूं और ये सुनता हूं कि अच्छे दिन तो आए नहीं, ये बुरे दिन कब जाएंगे?
नई दिल्ली। देश की अर्थव्यवस्था पर पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा और मौजूदा वित्त मंत्री अरुण जेटली के बीच आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच उप राष्ट्रपति वैंकैया नायडू ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय अर्थव्यवस्था पर केंद्र सरकार का बचाव करते हुए नायडू ने कहा है कि लंबे समय के फायदे के लिए कुछ कष्ट सहना पड़ता है।

लंबे फायदे के लिए थोड़ा कष्ट सहना होगा
वेकैंया नायडू ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था जल्दी ही पटरी पर लौट आएगी। जब भी बड़े बदलाव होते है तो स्थिति सामान्य होने में थोड़ा वक्त लगता है। वेकैंया नायडू की इस प्रतिक्रिया को यशवंत सिन्हा के आरोपों के जबाव के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि उप राष्ट्रपति ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया है।

यशवंत सिन्हा के समर्थन में चिंदबरम
यशवंत सिन्हा के सहारे पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'मैं देश भर में घूमता हूं और ये सुनता हूं कि अच्छे दिन तो आए नहीं, ये बुरे दिन कब जाएंगे? हम खुश हैं कि यशवंत सिन्हा ने सरकार की आलोचना में हमारा प्रतिनिधित्व किया है।'कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था पर यशवंत सिन्हा के रुख का समर्थन करते हुए कहा वे सही कह रहे हैं। लोगों को रोजगार देने की बात कही गई थी लेकिन बेरोजगारी बढ़ी है। गुजरात दौरे पर आए राहुल ने कहा कि सारा फायदा सिर्फ उद्योगपतियों को हो रहा है।

यशवंत सिन्हा ने ऐसे साधा था निशाना
गौरतलब है कि वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने वित्त मंत्री अरुण जेटली पर जोरदार निशाना साधा है। एक अंग्रेजी अखबार में लिखे लेख में उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने अर्थव्यवस्था का 'कबाड़ा' कर दिया है। उन्होंने नोटबंदी को सुस्त अर्थव्यवस्था की आग में घी डालने वाला बताया। साथ जीएसटी में भी खामियां बताईं। एक दिन पहले ही बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने रोहिंग्या के मुद्दे पर सरकार और पार्टी लाइन से बाहर जाकर किरकिरी कराई थी।












Click it and Unblock the Notifications