तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा: रंगारेड्डी में ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 24 की दर्दनाक मौत, कई घायल

Telangana Ranga Reddy Bus Accident: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक ऐसा सड़क हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर दिया। मिर्जागुड़ा गांव (चेवेला मंडल) के पास बजरी से लदा एक ट्रक राज्य परिवहन निगम (RTC) की बस से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पूरा लोड बस के ऊपर जा गिरा, जिससे कई यात्री बस के अंदर ही दब गए। हादसे में अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

मरने वालों में बस और ट्रक दोनों के चालक, कई महिलाएं और एक 10 महीने का बच्चा और उसकी मां भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, तंदूर डिपो की यह बस लगभग 70 यात्रियों को लेकर हैदराबाद जा रही थी। तभी सामने से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बस से सीधा जा टकराया और पलट गया। टक्कर के बाद ट्रक का पूरा बजरी का लोड बस के ऊपर जा गिरा, जिससे बस बुरी तरह कुचल गई।

Telangana Ranga Reddy Road Accident

आसपास के लोगों ने बताया कि कुछ ही सेकंड में वहां दर्द और चीखों का सन्नाटा छा गया। कई यात्री बस के अंदर फंसे थे और मदद के लिए पुकार रहे थे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तीन जेसीबी मशीनों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया।

घायल अस्पताल में भर्ती, कुछ की हालत नाजुक

पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया। अब तक 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें बस की कंडक्टर राधा भी शामिल हैं। सभी घायलों को चेवेला सरकारी अस्पताल भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर किया गया है। चेवेला सर्कल इंस्पेक्टर भूपाल श्रीधर भी राहत कार्य के दौरान घायल हो गए। एक जेसीबी की टक्कर से उनके पैर में चोट आई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया शोक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और इसे "बहुत बड़ी मानवीय त्रासदी" बताया। उन्होंने मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव और डीजीपी बी. शिवाधर रेड्डी को तुरंत मौके पर राहत कार्य तेज करने के आदेश दिए।

सीएम ए. रेवंत रेड्डी ने कहा, "किसी भी घायल को इलाज में देरी नहीं होनी चाहिए। सभी गंभीर मरीजों को तुरंत हैदराबाद लाया जाए।" उन्होंने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खुद घटनास्थल पर जाकर राहत कार्य की निगरानी करें।

सरकार ने जिले के सभी विभागों को राहत अभियान में लगाया है। पर्याप्त एम्बुलेंस, मेडिकल टीमें और पैरामेडिकल स्टाफ मौके पर तैनात किए गए हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके।

ओवरस्पीडिंग बनी हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में पता चला है कि हादसा ओवरस्पीडिंग और ट्रक चालक के नियंत्रण खोने के कारण हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। पुलिस ने कहा कि हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर हादसे के बाद लंबा जाम लग गया। चेवेला-विकाराबाद मार्ग पर घंटों तक यातायात बाधित रहा।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकालने में पुलिस की मदद की और एम्बुलेंस बुलाने में सहयोग किया। एक ग्रामीण ने कहा, "ऐसा मंजर पहले कभी नहीं देखा...बच्चे और महिलाएं बस में फंसे थे, कुछ ने वहीं दम तोड़ दिया।"

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना के रंगारेड्डी ज़िले में हुई सड़क दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, "तेलंगाना के रंगारेड्डी ज़िले में हुई दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।"

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+