Telangana Election: ओवैसी मक्का मस्जिद में कसम खाएंगे? बीजेपी को लेकर कांग्रेस ने दी चुनौती
तेलंगाना विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और ओवैसी की पार्टी के बीच की लड़ाई पायजामे-निक्कर तक पहुंच चुकी है। राज्य में हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का असर खासकर पुराने शहर में ही दिखता है। लेकिन,राज्य के चुनावी गणित ने कांग्रेस को ओवैसी के खिलाफ आपे से बाहर कर दिया है।
तेलंगाना कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने ओवैसी पर उन्हें बीजेपी का बी टीम बताने के पुराने आरोपों से भी बढ़कर हमला किया है। उन्होंने एआईएमआईएम के नेता को चुनौती दी है कि अगर भाजपा नेताओं के साथ उनके तालमेल के आरोप गलत हैं तो वो शुक्रवार को मक्का मस्जिद में आकर कुरान लेकर कसम खाएं।

तेलंगाना की चुनावी लड़ाई: पायजामा-निक्कर तक आई
रविवार को रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद के सांसद पर यह तंज कसते हुए निशाना साधा कि 'मैंने सोचा था कि असदुद्दीन ओवैसी की शेरवानी के भीतर पायजामा है। लेकिन, पता चला कि शेरवानी के नीचे तो खाकी निक्कर था।' खाकी निक्कर का मतलब उन्होंने ओवैसी पर आरएसएस के साथ मित्रता रखने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि 'ओवैसी के पिता ने उन्हें इसलिए बैरिस्टरी की पढ़ाई करवाई कि वे मुसलमानों के अधिकारों के लिए लड़ें। लेकिन, वह भाजपा का साथ दे रहे हैं, जो कि मुसलमानों को सिर्फ परेशान करती है।'
पीएम मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल
कांग्रेस को इस बात पर आपत्ति है कि 'मजलिस पार्टी बीजेपी उम्मीदवार राजा सिंह के खिलाफ चुनाव क्यों नहीं लड़ रही?' राजा सिंह हैदराबाद की गोशामहल सीट से बीजेपी के टिकट पर हैट्रिक लगाने के लिए मैदान में उतरे हुए हैं। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक के लिए 'आपत्तिजनक' शब्द का इस्तेमाल करते हुए यहां तक आरोप लगा दिया कि 'ओवैसी केसीआर और मोदी जैसे 'चोरों' को बचाने के लिए झूठ बोल रहे हैं।'
क्या ओवैसी कुरान पकड़कर शपथ लेने को तैयार हैं?- कांग्रेस नेता
इसके बाद रेवंत रेड्डी ने ओवैसी को ललकारा कि 'मैं हिंदू हूं....मैं भाग्यलक्ष्मी मंदिर जाऊंगा। आप चाहते हैं तो मैं दरगाह आऊंगा, आप चाहते हैं तो मैं भाग्यलक्ष्मी मंदिर आ जाऊंगा।.....कर्नाटक चुनाव के समय मोदी और अमित शाह ने औवैसी के एक करीबी को अपने घर पर पार्टी दी थी....... क्या ओवेसी कसम खाने को तैयार हैं कि उन्होंने यह पार्टी नहीं दी? क्या मक्का मस्जिद में कसम खाने के लिए तैयार हैं ओवैसी? मैं शुक्रवार को मक्का मस्जिद आऊंगा...... क्या ओवैसी कुरान पकड़कर शपथ लेने को तैयार हैं?'
'असदुद्दीन ओवैसी नहीं, कासिम रिजवी कहूंगा.....'
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 'एमआईएम कासिम रिजवी की पार्टी है, जो निजाम की फौज का प्रमुख था।' वे बोले कि 'ओवैसी कासिम रिजवी की पार्टी के अध्यक्ष हैं। एमआईएम का हेडक्वार्टर दारुशेलम भी कासिम रिजवी का है। कल के बाद मैं उन्हें असदुद्दीन ओवैसी नहीं, कासिम रिजवी कहूंगा.....'
गोशामहल में भाजपा के खिलाफ बीआरएस लड़ रही है चुनाव
कांग्रेस नेता ने कहा कि 'ओवैसी की पार्टी गौशाला में बीजेपी उम्मीदवार राजा सिंह के खिलाफ नहीं लड़ रही है, लेकिन मुस्लिम प्रत्याशी अजहरुद्दीन के खिलाफ चुनाव मैदान में है।' दरअसल, तेलंगाना में ओवैसी की पार्टी और सत्ताधारी बीआरएस के बीच सीटों का तालमेल है। गोशामहल में भारत राष्ट्र समिति ने भाजपा के खिलाफ नंद किशोर व्यास को उतारा है।
राजा सिंह के निशाने पर भी ओवैसी
हालांकि बीजेपी के तेज-तर्रार उम्मीदवार टी राजा सिंह के निशाने पर भी ओवैसी की ही पार्टी है। उन्होंने कहा है, 'उनका (एआईएमआईएम) प्रभाव सिर्फ 7 सीटों तक सीमित है। असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन की संपत्ति बढ़ी है। सिर्फ इन्हीं दोनों भाइयों की प्रगति हो रही है, मुसलमानों का विकास नहीं हो रहा है। इन दोनों भाइयों के चलते पुराने शहर के मुसलमान पिछड़े रह गए हैं।'
यही नहीं उन्होंने आरोप लगाया है कि हैदराबाद के सांसद 2014 और 2018 की तरह इस बार के चुनावों में भी गोशामहल क्षेत्र में मुसलमानों का वोट बीआरएस को बेच रहे हैं। इनपुट-एजेंसियां)












Click it and Unblock the Notifications