Telangana Results: तेलंगाना में कांग्रेस के नए CM की ताजपोशी कब? जानें रेवंत रेड्डी ने पुलिस को बताया
Telangana Assembly Election Results: तेलंगाना के सत्तारूढ़ दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। तेलंगाना के गठन के बाद कांग्रेस पहली बार सत्ता में काबिज होने वाली है। ऐसे में अब कांग्रेस के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां तेज हो गई है।
तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख ए रेवंत रेड्डी ने स्थानीय पुलिस से 4 दिसंबर या 9 दिसंबर को नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा है, जिसकी जानकारी पुलिस ने एक बयान में साझा की है।

रेड्डी ने कथित तौर पर रविवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अंजनी कुमार से शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा है।
तेलंगाना पुलिस ने रविवार को कहा कि उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के बारे में डीजीपी, अतिरिक्त डीजीपी (कानून और व्यवस्था) और एडीजी सीआईडी को फोन किया और चर्चा की, जो कल 4 दिसंबर या 9 दिसंबर को आयोजित किया जा सकता है।
रेड्डी ने कथित तौर पर उनसे कहा कि कांग्रेस राज्यपाल से मिलेगी और सरकार गठन पर चर्चा करेगी। इसमें कहा गया कि टीपीसीसी अध्यक्ष ने बताया कि रविवार शाम से शुभ मुहूर्त शुरू होगा। इसलिए अगर संभव हो तो, वे सोमवार (4 दिसंबर) शपथ ग्रहण समारोह पर विचार कर सकते हैं या वे 9 दिसंबर को (शपथ) ले सकते हैं।
रेड्डी ने पुलिस को बताया कि इस समारोह में राष्ट्रीय राजधानी से कई मुख्यमंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में होने की संभावना है।
तेलंगाना में 64 सीटों के साथ सत्ता में कांग्रेस
कुल 119 सीटों वाले तेलंगाना में कांग्रेस 64 सीटों के साथ सत्ता में पहली बार सरकार बनाने जा रही है, जबकि बीआएस को करारी हार का सामना करते हुए 39 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। इसके अलावा 8 सीटें बीजेपी जीतने में कामयाब रही। वहीं ओवैसी की पार्टी AIMIM को 7 सीट पर जीत मिली है।












Click it and Unblock the Notifications