राहुल गांधी यूपीए सरकार में क्यों नहीं बन सके प्रधानमंत्री? तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी का बड़ा दावा
राहुल गांधी यूपीए सरकार के दौरान यानी 2004 से 2014 के बीच जब चाहे प्रधानमंत्री बन सकते थे, लेकिन उनके ऐसा नहीं करने की खास वजह है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लिए यह दावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने किया है।
रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह अब राहुल को प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में काम करना शुरू कर दें। तेलंगाना सीएम का कहना है कि राहुल की भारत जोड़ो यात्रा के चलते ही कांग्रेस को तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में सत्ता मिली है।

कांग्रेस की गारंटियों के पीछे वाईएसआर!
संयुक्त आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की 75वीं जयंती पर हैदराबाद के गांधी भवन में रेवंत बोले, 'वाईएसआर की ओर से अपने शासन के दौरान शुरू किए गए कल्याणकारी कार्यक्रम ही हाल में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा घोषित '6 गारंटियों' की प्रेरणा हैं।'
'वाईएसआर ने कहा था- राहुल बनेंगे प्रधानमंत्री'
उन्होंने वाईएसआर के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा, 'मुझे वाईएसआर का वह बयान याद है, जो उन्होंने 2009 में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने पर कहा था कि राहुल गांधी भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। राहुल गांधी के इस पद पर पहुंचने से पहले ही वाईएसआर हमें छोड़ गए। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए।'
प्रधानंत्री बनने से सिर्फ एक कदम दूर हैं राहुल- तेलंगाना के सीएम
रेवंत का कहना है कि राहुल ने जो भारत जोड़ो यात्रा की थी, वह भी वाईएसआर की पदयात्रा से प्रभावित है, जिसकी वजह से आंध्र प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई थी। उन्होंने कहा, 'प्रतिपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी पहले ही कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वह प्रधानमंत्री का पद हासिल करने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। उनके नेतृत्व में ही सिर्फ देश का विकास होगा।'
राहुल गांधी यूपीए सरकार में क्यों नहीं बन सके प्रधानमंत्री?
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए शपथ लेने को कहा और दावा किया कि, 'राहुल गांधी के लिए पद और स्थिति महत्वपूर्ण नहीं है। वे 2004 से 2014 के बीच कभी भी प्रधानमंत्री बन सकते थे। वाईएसआर के सही समर्थक वही हैं, जो राहुल गांधी को अगला प्रधानमंत्री बनाने के लिए कड़ी मेहनत करें....मैं वाईएसआर के सभी फैंस से अपील करता हूं कि कांग्रेस में शामिल हों।'












Click it and Unblock the Notifications