तेलंगाना में कांग्रेस आगे फिर भी हाईकमान अलर्ट, विधायकों को दूसरे शहर शिफ्ट करने का प्लान!
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। यहां कांग्रेस बढ़त बनाती नजर आ रही है। एग्जिट पोल में बढ़त मिलने के बावजूद कांग्रेस के आलाकमान सतर्क दिख रहे हैं। पार्टी अपने विधायकों को किसी दूसरे शहर भेजने की तैयारी में है। इंडिया टूडे की रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस के विधायकों को बेंगलुरु या किसी और शहर भेजने की तैयारी चल रही है। यह फैसला एहतियात के तौर पर किया जा रहा है। ताकि कड़ा मुकाबला होने पर खरीद-फरोख्त से बचा जा सके।
जैसा की आप जानते हैं, 3 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने हैं। तेलंगाना में कुल 119 विधानसभा सीट हैं। यहां सरकार बनाने के लिए 60 के जादुई आंकड़े को पार करना होगा। कुछ एग्जिट पोल्स में कांग्रेस को थोड़ी बढ़त मिलती दिख रही है तो कुछ में सीटों के बड़े अंतर से कांग्रेस आगे चल रही है। कुछ एग्जिट पोल्स में बीआरएस और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर भी दिख रही है। 2014 में तेलंगाना आंध्र प्रदेश से अलग हो कर एक स्वतंत्र राज्य बना था। तब से यहां की सत्ता भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पास है।

तेलंगाना कांग्रेस यूनिट के चीफ, रेवंत रेड्डी जीत को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं। हालांकि, सूत्रों की माने तो रविवार को रिजल्ट के बाद विधायकों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के प्लान पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। हिंदुस्तान न्यूज एजेंसी के अनुसार, अगर कांग्रेस 70 सीटें नहीं जीत पाती है तो ऐसी स्थिति में विधायकों को बेंगलुरु या किसी और शहर भेजने का प्रस्ताव है। ऐसा हो सकता है कि इन लोगों को किसी होटल या रिजॉर्ट में ठहराया जाए।
एग्जिट पोल में कांग्रेस की बढ़त को देखते हुए पार्टी हाईकमान ने अपने 2 कोऑर्डिनेटर्स को उन विधानसभा क्षेत्रों में भेजा है जहां कांग्रेस के उम्मीदवारों के जीतने की संभावना है। जीत का सर्टिफिकेट मिलने के बाद विधायकों को किसी सीक्रेट जगह पर रखा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार विधायकों को शिफ्ट करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इससे पहले 2018 में कर्नाटक विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान कांग्रेस और जनता दल (एस) के विधायकों को शिफ्ट करने में डीके शिवकुमार की बड़ी भूमिका रही थी।
बात करें एग्जिट पोल के आकड़ों की तो, तेलंगाना में इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने कांग्रेस को 63-79, बीआरएस को 31-47, भाजपा को 2-4 और एआईएमआईएम को 5-7 सीटें मिलने की संभावना जताई है। जबकि जन की बात के अनुसार कांग्रेस को 48-64, बीआरएस को 40-55, भाजपा को 7-13 और एआईएमआईएम को 4-7 सीटें मिल सकती हैं। रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज के अनुसार तेलंगाना में कांग्रेस को 58-68, बीआरएस को 46-56, बीजेपी को 4-9 और एआईएमआईएम को 5-7 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि, टीवी9 भारतवर्ष ने कांग्रेस को 49-59 सीट, बीआरएस को 48-58 सीट, भाजपा को 5-10 सीट और एआईएमआईएम को 6-8 सीट मिलने की संभावना जताई है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य ने कांग्रेस को 71 सीटें देकर स्पष्ट जीत की उम्मीद जताई है, जबकि बीआरएस को 33 और भाजपा को 7 सीटें मिलने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications