Tatkal ticket बुकिंग के नियम में रेलवे ने किया बड़ा बदलाव, 1 जुलाई से ये लोग ही बुक कर सकेंगे तत्काल टिकट
Tatkal booking new rule: इंडियन रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। रेलवे टिकट दलालों पर लगाम कसने और आम यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से इंडियन रेलवे ने तत्काल बुकिंग के लिए आधार सत्यापन अनिवार्य कर दिया है। यह नया नियम 1 जुलाई 2025 से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को ये जानकारी सोशल मीडिया के फेसबुक अकाउंट पर भी शेयर की है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट केवल वही यात्री बुक कर सकेंगे जिनका आधार कार्ड सत्यापित होगा। तत्काल टिकट करवाने की सुविधा केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ही उपलब्ध होगी।

ओटीपी के जरिए होगा वेरिफिकेशन
15 जुलाई 2025 से बुकिंग के समय आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) भेजा जाएगा। टिकट बुकिंग केवल ओटीपी के सत्यापन के बाद ही संभव होगी। यह सुविधा रेलवे के कंप्यूटरीकृत पीआरएस काउंटर और अधिकृत एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक कराने पर भी लागू होगी, जहां मोबाइल नंबर पर सिस्टम द्वारा जेनरेट किया गया ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ही टिकट जारी किया जाएगा।

आम यात्रियों की बल्ले-बल्ले, एजेंटों को तगड़ा झटका
रेलवे के अधिकृत एजेंट तत्काल टिकट बुकिंग के पहले 30 मिनट तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। एसी क्लास के तत्काल टिकट बुकिंग का समय सुबह 10 बजे से शुरू होता है, लेकिन एजेंट 10:30 बजे तक टिकट नहीं बुक कर पाएंगे। इसी तरह नॉन-एसी क्लास के लिए, यह रोक सुबह 11:00 बजे से 11:30 बजे तक लागू रहेगी। रेलवे की इस पहल से आम यात्री अपना तत्काल टिकट बुक करवा सकेगा।
तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर चल रहा था ये बड़ा फर्जीवाड़ा
रेलवे द्वारा दी गई सूचना के अनुसार लंबे समय से कई ऐसे मामले सामने आए जिनमें तत्काल बुकिंग कराने वालों के पास उन्हीं के नाम के फर्जी आधार कार्ड थे। ये एजेंट कमीशन के चक्कर में ये काम कर रहे थे। एजेंट किसी भी नाम से तत्काल टिकट बुकिंग करवा लेते थे और उसी नाम का फर्जी आधार बनाकर यात्री को दे देते थे। रेलवे के अनुसार मई महीने में लगभग ढाई करोड़ संदिग्ध आईआरसीटीसी आईडी ब्लॉक किए जा चुके है। तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर लागू किए गए नए नियम के बाद आम यात्रियों को ट्रेन का तत्काल टिकट बुकिंग करने में सुविधा होगी और एजेंटों पर लगाम कसेगी।












Click it and Unblock the Notifications