टाटा पर भाई नोएल का कब्जा? कौन हैं माया टाटा, जिन्हें मिलने जा रही बड़ी जिम्मेदारी, कितनी हैं पढ़ी-लिखी?

देश के सबसे बड़े और भरोसेमंद बिजनेस घरानों में से एक टाटा ग्रुप में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने फरवरी 2027 में अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद पद छोड़ने का मन बना लिया है। 5 साल के नए कार्यकाल को लेकर बोर्ड में 6 महीने तक खींचतान चली लेकिन सर्वसम्मति नहीं बन पाई।चंद्रशेखरन ने खुद बोर्ड से जल्द उत्तराधिकार प्रक्रियाशुरू करने को कहा है। इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा हैं। इस बड़े बदलाव के बीच नोएल टाटा की बेटी माया टाटा भी अचानक चर्चा में आ गई हैं।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या टाटा ग्रुप में नोएल टाटा का दबदबा अब और बढ़ने वाला है? और इसी के साथ अगली पीढ़ी के टाटा फैमिली मेंबर्स पर भी नजरें टिक गई हैं। इसमें नोएल टाटा की बेटी माया टाटा का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है।

N Chandrasekaran tata

चंद्रशेखरन की विदाई के पीछे क्या हुआ?

चंद्रशेखरन की अगली पांच साल की पारी का प्रस्ताव 24 फरवरी 2026 को टाटा संस के बोर्ड के सामने आया था। लेकिन इसे बोर्ड का जरूरी सर्वसम्मत समर्थन नहीं मिल सका। करीब छह महीने तक इस मामले पर तस्वीर साफ नहीं हुई। इसके बाद चंद्रशेखरन ने अगला कार्यकाल लेने से पीछे हटने का फैसला किया। रॉयटर्स के मुताबिक, यह पूरा मामला टाटा ट्रस्ट्स के साथ चल रहे मतभेदों के बीच सामने आया। टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है। यानी कंपनी के मालिकाना ढांचे में ट्रस्ट्स की पकड़ बेहद मजबूत है।

चंद्रशेखरन के कार्यकाल में टाटा समूह ने कई बड़े दांव लगाए। एयर इंडिया को दोबारा टाटा समूह में शामिल किया गया। इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में बड़े निवेश शुरू हुए। डिजिटल कारोबार को भी तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश हुई। लेकिन इन सभी परियोजनाओं के लिए भारी पूंजी की जरूरत है। ऐसे में असली बहस सिर्फ इस बात पर नहीं है कि टाटा समूह को आगे बढ़ना चाहिए या नहीं। सवाल यह है कि कितना पैसा लगाया जाए, कितना जोखिम लिया जाए और शेयरधारकों की निगरानी कितनी सख्त हो।

क्या नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन को हटाया?

यह कहना सही नहीं होगा कि नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन को सीधे पद से हटा दिया। चंद्रशेखरन ने खुद अगला टर्म नहीं लेने का फैसला किया है। लेकिन पावर इक्वेशन को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। नोएल टाटा अक्टूबर
2024 से टाटा संस के बोर्ड में हैं और टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन हैं। टाटा संस की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, नोएल टाटा ट्रस्ट की ओर से बोर्ड में मनोनीत निदेशक हैं। वे ट्रेंट, टाटा इंटरनेशनल और वोल्टास समेत कई टाटा कंपनियों में अहम बोर्ड भूमिकाएं भी निभा चुके हैं।

इसलिए अगला टाटा संस चेयरमैन कौन होगा, यह फैसला सिर्फ एक प्रोफेशनल मैनेजर चुनने तक लिमिटेड नहीं रहेगा। नई डील को एयर इंडिया, सेमीकंडक्टर, टेक्नोलॉजी और दूसरे बड़े प्रोजेक्ट्स के बीच शेयरहोल्डर्स की उम्मीदों को भी संभालना होगा।

माया टाटा कौन हैं?

37 साल की माया टाटा, नोएल टाटा और आलू मिस्त्री की बेटी हैं। वह दिवंगत रतन टाटा की भतीजी हैं। माया ने ब्रिटेन के मशहूर बेयस बिजनेस स्कूल और वॉरविक यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टाटा कैपिटल से की थी। इसके बाद उन्होंने टाटा डिजिटल में ई-कॉमर्स, कस्टमर एक्विजिशन और ऑनलाइन रिटेल का काम संभाला। टाटा डिजिटल में बिगबास्केट, टाटा न्यू, क्रोमा और टाटा 1एमजी जैसे बड़े ब्रांड्स शामिल हैं, जिनमें टाटा संस ने करीब 24,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

वेस्टसाइड में मिलने जा रही बड़ी जिम्मेदारी

नोएल टाटा लंबे समय से ट्रेंट (Trent) कंपनी की कमान संभाल रहे हैं। खबर है कि नोएल टाटा जल्द ही ट्रेंट के चेयरमैन पद से हट सकते हैं। इसके बाद माया टाटा को ट्रेंट के फैशन ब्रांड 'वेस्टसाइड' में ई-कॉमर्स मार्केटिंग की कमान सौंपी जा सकती है। वेस्टसाइड से ट्रेंट की कुल कमाई का करीब 40 फीसदी हिस्सा आता है। फाइनेंस और डिजिटल रिटेल दोनों का अनुभव होने के कारण माया को इस रोल के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है।

अगली पीढ़ी के हाथों में ग्रुप की कमान

टाटा ग्रुप में धीरे-धीरे नई पीढ़ी को आगे लाया जा रहा है। माया टाटा के अलावा उनके भाई नेविल टाटा ट्रेंट की हाइपरमार्केट चेन 'स्टार बाजार' को संभाल रहे हैं। वहीं उनकी बहन लिया टाटा 'ताज होटल्स' का बिजनेस देख रही हैं। ये तीनों भाई-बहन टाटा ट्रस्ट्स की छोटी कंपनियों के बोर्ड में भी शामिल हैं। नेविल टाटा सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के बोर्ड मेंबर भी हैं।

नोएल टाटा सीधे तौर पर टाटा संस के चेयरमैन पद पर भले न बैठें, लेकिन टाटा ट्रस्ट्स के चीफ के रूप में पूरा नियंत्रण उन्हीं के हाथ में है। अब वे और उनकी नई पीढ़ी ग्रुप की भावी दिशा तय करने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+