Tarun Tejpal को 10 साल की जेल, बेटी टीया ने BJP पर उठाए सवाल- 'पापा उनके लिए सबसे बड़ा कांटा थे'
Tarun Tejpal Daughter Tiya Target BJP: बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच ने तहलका के पूर्व एडिटर तरुण तेजपाल को 2013 के यौन उत्पीड़न मामले में दोषी ठहराया और 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। हाईकोर्ट ने 2021 में गोवा सेशंस कोर्ट द्वारा दिए गए बरी करने के फैसले को पलट दिया। तेजपाल ने सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का इरादा जताया है।
इस बीच उनकी बड़ी बेटी टीया तेजपाल ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए सरकार और केस पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उनके पिता को राजनीतिक बदले की भावना से फंसाया गया। टीया ने तहलका की पुरानी खोजी रिपोर्टिंग का जिक्र करते हुए कहा कि पापा सत्ता के लिए कांटे से भी ज्यादा थे।

बेटी टीया तेजपाल ने क्या लिखा?
टीया तेजपाल ने कई स्टोरीज में अपनी बात रखी। उन्होंने पीटीआई रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा कि गोवा सरकार ने अधिकतम सजा की मांग की, जबकि तेजपाल ने नरमी मांगी। उन्होंने सवाल किया कि 2013 में गोवा में सू मोटो केस किसने दायर किया? पर्रिकर-बीजेपी सरकार ने। महिला ने रेप जैसा कुछ नहीं कहा। यह अरुण जेटली ने आसानी से नॉन-बेलेबल अपराध बना दिया।

तेजपाल ने कोर्ट में कहा कि वे तहलका के काम के लिए राजनीतिक बदले के शिकार हैं। जब तक उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील नहीं की, सरकारी वकील ने सीसीटीवी फुटेज शेयर करने से मना कर दिया था।

दूसरी स्टोरी में टीया ने लिखा, 'यह मुझे डराता है। और आपको भी डरना चाहिए। मैंने इस केस की अंदर से स्टडी की है, हर सबूत पढ़ा है और सारे फुटेज देखे हैं। ऐसा कुछ भी साबित नहीं हुआ जिससे तरुण रेप का दोषी साबित हो सके। शून्य सबूत, तो फिर दोषी क्यों ठहराया? सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने आवाज उठाई। उन्होंने इंडिपेंडेंट जर्नलिज्म के जरिए बीजेपी की हरकतों को एक्सपोज किया था।'

उन्होंने छोटी बहन कारा के शब्दों का भी जिक्र किया। कारा ने कहा कि जब पिता को गिरफ्तार किया गया, तब वे 23 साल की थीं, बरी होने पर 32 और अब 36 साल की उम्र में हाईकोर्ट के फैसले के साथ खड़ी हैं। उन्होंने पिछले 13 साल सबूतों का विश्लेषण करने में बिताए।
तहलका की पुरानी रिपोर्टिंग का जिक्र

टीया ने बचपन की यादें साझा कीं। 11 साल की उम्र में तहलका के ऑपरेशन वेस्टएंड के बाद ऑफिस पर रेड पड़ी थी। इस स्टिंग में हथियार खरीद में कथित बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ था, जिसके बाद तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर को इस्तीफा देना पड़ा।
17 साल की उम्र में तहलका के 'ऑपरेशन कलंक' का जिक्र किया, जिसमें 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े आरोपों का खुलासा हुआ था। टीया के अनुसार इन रिकॉर्डिंग्स को सीबीआई ने ऑथेंटिकेट किया था। उन्होंने गोधरा एसआईटी रिपोर्ट लीक, सोहराबुद्दीन शेख और इशरत जहां एनकाउंटर की रिपोर्टिंग का भी उल्लेख किया।
हालांकि, आपको बता दें कि जिस गुजरात दंगे की बात तरुण तेजपाल की बेटियों ने की है, उसमें पीएम और एचएम को क्लीन चिट मिल चुकी है। कोर्ट ने गोधरा मामले में मोदी-शाह की कोई गलती नहीं पाई। एसआईटी जांच ने भी अपनी रिपोर्ट में यही बताया।

टीया ने लिखा, 'तहलका की पत्रकारिता आजाद और निडर थी। इसकी वजह से मेरे पिता, पत्रकारों और परिवार पर सरकार का गुस्सा भड़का। तरुण तेजपाल बीजेपी सरकार के लिए कांटे से भी ज्यादा थे। उन्हें चुप कराने का इससे बेहतर तरीका क्या हो सकता था कि उन्हें सबसे बुरे पापी, एक रेपिस्ट के तौर पर दिखाया जाए।'
उन्होंने कहा कि 23 साल की उम्र में गिरफ्तारी के समय मीडिया सर्कस से डरती थीं, लेकिन अब 36 साल की हैं और उन्हें कोई गाली देने से फर्क नहीं पड़ता। 'सच तो सच है। कोई कोर्ट, कोई प्रधानमंत्री, कोई गोदी मीडिया हमसे यह नहीं छीन सकता। केस के असली फैक्ट्स पढ़ें, सिर्फ हेडलाइन नहीं।'


Click it and Unblock the Notifications
