कॉमेडियन तन्मय भट्ट और गुरसिमरन खंभा एआईबी से अलग हुए
मुंबई। कॉमेडियन तन्मय भट्ट और गुरसिमरन खंभा ऑल इंडिया बकचोद (एआईबी) से अलग हो गए हैं। एआईबी ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। एआईबी की ओर से बताया गया है कि फिलहाल दोनों उनके किसी भी काम से जुड़े नहीं रहेंगे। दोनों पर कई आरोप लगे हैं। एआईबी की हिस्सा रहे उत्सव चक्रवर्ती के महिला से खराब बर्ताव की जानकारी होने पर भी एक्शन ना लेने के चलते सोशल मीडिया पर इनको आलोचना का शिकार होना पड़ रहा है।
|
AIB ने जारी किया बयान
एआईबी ने ट्विटर पर अपना बयान जारी कर कहा है कि तन्मय भट्ट अगले नोटिस तक कंपनी के किसी भी काम में शामिल नहीं किया जाएगा और गुरसिमरन खंभा को लंबे वक्त के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है।
उत्सव पर लगे हैं आरोप
एआईबी से जुड़े कई लोगों पर महिलाओं से दुर्व्यवहार , भद्दे मजाक और अश्लील मैसेज करने के इल्जाम लगे हैं। कॉमेडियन उत्सव चक्रवर्ती पर कई लड़कियों ने शोषण का आरोप लगाया है, इनमें बहुत सी नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं।
तन्मय ने नहीं लिया उत्सव पर एकशन
उत्सव चक्रवर्ती पर लगे यौन शोषण के आरोप लगने के बाद ये सामने आया था कि तन्मय को उत्सव के महिला से गलत बर्ताव की जानकारी थी लेकिन पीड़िता इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहती थीं इसलिए कोई एक्शन नहीं लिया गया। इसके बाद तन्मय को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है।