Tamil Nadu Election 2026 में 'थलापति' विजय बनेंगे किंगमेकर? PK या ओवैसी मॉडल बन कर किसका खेल बिगाड़ेगी TVK
Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु में 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में दशकों से जारी 'द्रविड़ वर्चस्व' (DMK vs AIADMK) को इस बार एक फिल्मी सुपरस्टार से कड़ी चुनौती मिल रही है।
थलापति विजय की एंट्री ने राज्य के राजनीतिक पंडितों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या 2026 का चुनाव किसी बड़े 'बदलाव' का गवाह बनेगा। विजय और उनकी नई पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (Tamilaga Vettri Kazhagam TVK) ने चुनावी समीकरण में एक नया 'एक्स-फैक्टर' जोड़ दिया है।

सवाल यही है क्या विजय महज वोट काटने वाले तीसरे विकल्प बनेंगे या फिर एमजीआर की तरह सत्ता की राजनीति में बड़ा उलटफेर करेंगे? विस्तार से समझिए किंग या किंगमेकर कि भूमिका में विजय की पार्टी किसको पहुंचाएगी नुकसान...
Thalapathy Vijay TVK Party Factor तमिलनाडु चुनाव में 'विजय फैक्टर' क्यों चर्चा में?
बीजेपी के तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने हाल ही में इंडिया टूडे को दिए एक इंटरव्यू में साफ कहा कि विजय एक फैक्टर हैं और हम उन्हें नजरअंदाज नहीं कर रहे। अन्नामलाई के मुताबिक, जेन-जी और युवा वोटर्स विजय की ओर आकर्षित हो सकते हैं, खासकर ऐसे समय में जब डीएमके बनाम एआईएडीएमके की पारंपरिक लड़ाई से एक वर्ग ऊब चुका है।
विजय को कई लोग 'तीसरे विकल्प' के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, अन्नामलाई ने यह भी जोड़ा कि विजय के पास फिलहाल लंबा राजनीतिक अनुभव और मजबूत गठबंधन नहीं है, जिसका एनडीए को अप्रत्यक्ष फायदा हो सकता है।
Vijay की रैलियों में भीड़ तो है, लेकिन क्या सीटों में बदलेगा जनाधार?
विजय की रैलियों में उमड़ती भारी भीड़ यह संकेत देती है कि जमीनी स्तर पर हल्की एंटी-इंकंबेंसी जरूर मौजूद है। मजबूत पार्टी ढांचा न होने के बावजूद विजय को वोट मिल सकते हैं, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या ये वोट सीटों में तब्दील होंगे?
राजनीतिक विश्लेषक इसकी तुलना बिहार में प्रशांत किशोर (PK फैक्टर) से कर रहे हैं। पीके की रैलियों में भी जबरदस्त भीड़ दिखी थी, लेकिन चुनावी नतीजों में वह असर नहीं दिखा। सवाल यह है कि क्या विजय, प्रशांत किशोर की तरह केवल वोट काटेंगे? या फिर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की तरह एक निर्णायक फैक्टर बनेंगे?
Is Vijay King or Kingmaker क्या है तीसरी पार्टी का गणित, किसे होगा नुकसान?
राजनीति का बुनियादी नियम है सीट जीतने के लिए संगठन और जमीनी नेटवर्क जरूरी होता है, जो सालों में तैयार होता है। फिलहाल विजय ने न DMK से गठबंधन किया है और न ही AIADMK के साथ जाने के संकेत दिए हैं। विजय लगातार अपनी रैलियों में दोनों द्रविड़ दलों की वे खुलकर आलोचना कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि TVK का सीधा नुकसान डीएमके को हो सकता है, खासकर शहरी इलाकों, युवाओं और महिलाओं के वोट बैंक में।
बीजेपी की रणनीति भी यहीं जुड़ती है। बीजेपी जानती है कि तमिलनाडु में सत्ता पाना फिलहाल मुश्किल है, इसलिए वह "पावर नहीं, पैठ" की राजनीति खेल रही है। यदि TVK और अन्य गैर-द्रविड़ ताकतें डीएमके का वोट काटती हैं, तो इसका अप्रत्यक्ष लाभ बीजेपी और उसके गठबंधन दलों को मिल सकता है।
बीजेपी का तमिलनाडु में हिंदी भाषा, राष्ट्रीय मुद्दों और तमिल अस्मिता को जोड़ने का प्रयास जारी है। ऐसे में विजय का उभार बीजेपी के लिए रणनीतिक रूप से मददगार माना जा रहा है, भले ही दोनों का कोई औपचारिक गठबंधन न हो।
Tamil Nadu Election 2026 में MGR की राह पर हैं विजय? रजनीकांत और कमल से अलग क्यों?
तमिलनाडु की राजनीतिक इतिहास में देखा जाए तो साउथ सिनेमा के सुपरस्टार का एक बड़ा जनाधार रहा है। जब भी कोई फिल्म अभिनेता चुनावी मैदान में उतरता है तो इसकी सीधी तुलना 'पुरैची थलाइवर' एमजी रामचंद्रन (MGR) से होती है। हालांकि, उनके बाद रजनीकांत, कमल हासन जैसे बड़े सुरस्टार भी राजनीति में जरूर उतरे लेकिन उनका सियासी सिक्का कुछ खास नहीं चला। रजनीकांत राजनीति से पीछे हट गए और कमल हासन अपेक्षित असर नहीं छोड़ पाए ऐसे में अब नजरें विजय पर टिकी हैं।
देखिए रजनीकांत और कमल हासन ने अपने करियर के ढलते दौर में राजनीति चुनी, जबकि विजय 51 साल की उम्र में अपने करियर के चरम पर राजनीति में आए हैं। विजय के पास सिर्फ फैन्स नहीं, बल्कि करीब 70,000 बूथ एजेंट्स बताए जाते हैं। 2021 के स्थानीय निकाय चुनावों में उनके समर्थकों ने निर्दलीय उम्मीदवारों के तौर पर 169 में से 115 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया था।
विजय युवाओं और महिलाओं, सामाजिक कल्याण, मुफ्त शिक्षा जैसे मुद्दे पर फोकस कर रहे हैं। ठीक वैसे ही जैसे 1982 में मिड-डे मील योजना और 1984 में एमजी रामचंद्रन को अस्पताल के बिस्तर से चुनाव जीताने में सफल रही। हालांकि, फर्क यह है कि आज की तमिलनाडु राजनीति काफी बहुकोणीय और जटिल हो चुकी है।
क्या चुनाव में बजेगी विजय की 'सीटी'?
अब देखना यह है कि थलापति विजय बिहार में प्रशांत किशोर की तरह वोट काटकर सीमित रह जाते हैं, या ओवैसी की तरह निर्णायक फैक्टर बनते हैं, या फिर MGR की राह पर चलते हुए इतिहास रच देते हैं। तमिलनाडु में 'विजय फैक्टर' का असली लिटमस टेस्ट 2026 के नतीजे होंगे।
क्या वे एमग्रआर (MGR) की तरह सत्ता पर काबिज होंगे या रजनीकांत की तरह मैदान छोड़ने को मजबूर होंगे? फिलहाल, उनकी रैलियों की भीड़ ने द्रविड़ किलों की दीवारों पर दस्तक दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications