किसानों की किस मांग के सामने आखिर झुक गए CM विजय? प्रोजेक्ट रद्द का किया ऐलान, DMK अब बढ़ाएगा मुश्किलें?
तमिलनाडु की राजनीति में परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लेकर नया मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सरकार ने कांचीपुरम जिले में प्रस्तावित परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। विजय ने साफ कहा कि उनकी सरकार प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ खड़ी है। इस फैसले के साथ ही वह वादा भी पूरा हो गया, जो विजय ने चुनाव से पहले परंदूर के लोगों से किया था।
सीएम विजय ने कहा, "हम परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को छोड़ रहे हैं। प्रस्तावित एयरपोर्ट का विरोध कर रहे लोगों के साथ मैं मजबूती से खड़ा हूं।" उनका कहना है कि एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट जरूरी हैं, लेकिन इसके लिए किसानों की जमीन और उनकी रोजी-रोटी की कीमत नहीं चुकाई जा सकती।

परंदूर एयरपोर्ट पर क्यों हुआ था विरोध?
परंदूर चेन्नई से करीब 70 किलोमीटर दूर कांचीपुरम जिले में आता है। यहां नया एयरपोर्ट बनाने की योजना का लंबे समय से विरोध हो रहा था। आसपास के गांवों के लोगों को डर था कि प्रोजेक्ट से खेती की जमीन और स्थानीय जलस्रोत प्रभावित होंगे।
विरोध सिर्फ परंदूर तक सीमित नहीं था। परंदूर के साथ आसपास के 12 गांवों के लोग भी प्रोजेक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना था कि इलाके की बहुफसली कृषि भूमि पर एयरपोर्ट बनने से किसानों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।
सीएम विजय ने 20 जनवरी 2025 को एगनापुरम और आसपास के गांवों का दौरा किया था। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनी थीं। इससे पहले अक्टूबर 2024 में विक्रवंडी में हुई एक बैठक में भी उन्होंने प्रोजेक्ट का विरोध किया था।
विजय ने चुनाव से पहले क्या वादा किया था?
विजय का कहना है कि वह शुरू से ही एयरपोर्ट के खिलाफ नहीं थे। उनका तर्क था कि इंडस्ट्रियल ग्रोथ के लिए एयरपोर्ट की जरूरत है। लेकिन परंदूर इसके लिए सही जगह नहीं है।
उन्होंने कहा,
"उस दिन लोगों से जो वादा किया था, उसे पूरा करने के लिए परंदूर में नया एयरपोर्ट बनाने की दिशा में उठाए गए कदम अब हमारी सरकार रोक देगी।"
विजय ने किसानों को देश की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि नई जगह ऐसी होनी चाहिए जहां खेती की जमीन कम से कम प्रभावित हो और लोगों की जिंदगी और रोजगार में बड़ा बदलाव न आए।
केंद्र ने दी थी एयरपोर्ट को शुरुआती मंजूरी
परंदूर एयरपोर्ट की योजना पर केंद्र सरकार का भी कदम आगे बढ़ चुका था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अप्रैल 2025 में कांचीपुरम जिले में इंटरनेशनल ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। लेकिन विजय सरकार के सत्ता में आने के बाद इस योजना की समीक्षा शुरू कर दी गई।
जून में टीवीके नेता सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा था कि सरकार प्रोजेक्ट की व्यापक समीक्षा कर रही है और वैकल्पिक जगहों पर भी विचार किया जा रहा है। मकसद स्थानीय जलस्रोतों और उपजाऊ जमीन को बचाना था। अब सरकार ने प्रोजेक्ट ही छोड़ने का फैसला कर लिया है।
DMK ने विजय को दी खुली चुनौती, बोली- 'फाइल खोलिए'
सरकार के फैसले के बाद मामला सिर्फ एयरपोर्ट तक नहीं रहा। अब टीवीके और डीएमके के बीच सियासी टकराव भी तेज हो गया है। डीएमके नेता दुरईमुरुगन ने विजय सरकार को चुनौती दी है कि वह परंदूर एयरपोर्ट से जुड़ी पिछली सरकार की फाइलें सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री फाइलें सामने नहीं रखते हैं तो हम विधानसभा में उनके खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने पर विचार करेंगे।"
दुरईमुरुगन ने कहा कि अगर एक हफ्ते में फाइलें सामने नहीं लाई गईं तो विपक्ष विधानसभा में यह मुद्दा उठाएगा। उनका आरोप है कि विधानसभा में गलत जानकारी दिए जाने की स्थिति में मुख्यमंत्री से जवाब मांगा जाना चाहिए।
DMK ने बताया आर्थिक नुकसान का खतरा
पूर्व तमिलनाडु मंत्री और डीएमके विधायक थंगम थेन्नारसु ने प्रोजेक्ट रद्द करने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि परंदूर को चुनने से पहले कई विकल्पों की जांच हुई थी। यहां तक कि दो रनवे बनाने की संभावना पर भी अध्ययन किया गया था।
थेन्नारसु ने कहा,
"परंदूर एयरपोर्ट के लिए सबसे बेहतर जगह है। अगर सिर्फ राजनीति की वजह से प्रोजेक्ट छोड़ा गया तो इससे तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था को नुकसान हो सकता है।" उन्होंने दावा किया कि एयरपोर्ट प्रोजेक्ट रुकने से कुछ इंडस्ट्री पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश की तरफ जा सकती हैं। उन्होंने कहा, "कई इंडस्ट्री आंध्र प्रदेश चली जाएंगी। हम पहले ही होसुर एयरपोर्ट खो चुके हैं।"
थेन्नारसु ने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने परंदूर प्रोजेक्ट छोड़ने की बात कही थी, लेकिन राज्य सरकार ने केंद्र को इस फैसले की जानकारी नहीं दी थी। उनके मुताबिक प्रोजेक्ट के लिए जिन लोगों की जमीन ली गई थी, उन्हें मुआवजा भी दिया जा चुका है।


Click it and Unblock the Notifications
