Tamil Nadu Election: महिलाओं की सुरक्षा पर BJP नेता के अजब गजब बोल, ‘गांजा की वजह से बढ़ रहा अपराध'
Tamil Nadu Election: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी पार्टी हमलावर हैं। इस बीच महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं को लेकर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने अजीबो-गरीब बयान दिया है। नैनार नागेंथ्रन ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध एक बड़ा मुद्दा बन गया है। उनका आरोप है कि तमिलनाडु में गांजा की बिक्री बढ़ने से अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने मौजूदा डीएमके सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह मुख्यमंत्री के हाथ में है। इसके बावजूद प्रदेश में गांजा बिक्री और इसका अवैध कारोबार बढ़ा है। इस वजह से महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में भी बढ़ोतरी हुई है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इस बार एआईएडीएमके के साथ गठबंधन किया है।

Tamil Nadu Election: डीएमके राज में अपराध बढ़ने का दावा
तमिलनाडु चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी की अहम रैली प्रदेश में हो चुकी है। आने वाले दिनों में कई और दिग्गजों की चुनावी सभाएं हो सकती हैं। एनडीए के चुनाव प्रचार में डीएमके के राज में भ्रष्टाचार और परिवारवाद के साथ ही सनातन के अपमान को अहम मुद्दा बनाकर पेश किया जा रहा है। पीएम मोदी भी सीएम स्टालिन और डीएमके पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ाने का आरोप लगा चुके हैं।
एलपीजी संकट पर बोले प्रदेश अध्यक्ष, 'विपक्ष फैला रहा झूठ'
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि देश में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसे लेकर झूठा नैरेटिव फैलाया जा रहा है। नागेंथ्रन ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राज्य में सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। परिवारवादी पार्टियों को इस बार जनता मौका नहीं देगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में एनडीए की सरकार बनेगी। बता दें कि तमिलनाडु में अब तक बीजेपी को आक्रामक चुनाव प्रचार और संगठन की रणनीति के बावजूद बड़ी चुनावी सफलता नहीं मिली है।












Click it and Unblock the Notifications