CM Vijay Divorce: पत्नी संगीता ने क्यों वापस ली तलाक की याचिका? कोर्ट ने कहा- नई अर्जी का अधिकार बरकरार
amil Nadu CM Vijay Divorce Case: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री व अभिनेता सी. जोसेफ विजय (विजय) और उनकी पत्नी संगीता के बीच चल रहे तलाक मामले में शुक्रवार (7 अगस्त) को बड़ा अपडेट सामने आया। चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में संगीता ने अपनी तलाक याचिका वापस ले ली।
हालांकि, कोर्ट ने उन्हें भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर नई याचिका दायर करने की स्वतंत्रता भी दी है। इस फैसले के साथ फिलहाल यह तलाक मामला खत्म हो गया है। अहम बात यह है कि कोर्ट ने मामले के गुण-दोष (Merits) पर कोई फैसला नहीं दिया है और न ही याचिका में लगाए गए आरोपों पर कोई टिप्पणी की है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी
शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फैमिली कोर्ट के समक्ष पेश हुईं। सुनवाई करीब 20 मिनट तक चली और बंद कमरे (इन-कैमरा) में हुई, जिसमें केवल दोनों पक्षों के वकीलों को उपस्थित रहने की अनुमति थी।
संगीता ने अदालत को बताया कि वह इस साल की शुरुआत में दायर की गई तलाक याचिका को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। इसके बाद उन्होंने याचिका वापस लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इसे फैमिली कोर्ट ने अपने आदेश में दर्ज किया। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री विजय व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित नहीं हुए। उनके वकील ने बताया कि तमिलनाडु विधानसभा का सत्र चल रहा है, इसलिए वे पेश नहीं हो सके।
अदालत ने यह भी रिकॉर्ड किया कि प्रतिवादी विजय की ओर से पेश वकील को याचिका वापस लेने पर कोई आपत्ति नहीं थी। इसके बाद कोर्ट ने संगीता को तलाक याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी। साथ ही अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर भविष्य में परिस्थितियां बदलती हैं तो संगीता कानून के अनुसार नई याचिका दाखिल कर सकती हैं।
'Withdrawn' हुआ केस, आरोपों पर नहीं हुई सुनवाई
कोर्ट रिकॉर्ड के अनुसार मामले का स्टेटस 'Without Objection, Withdrawn' दर्ज किया गया है। इसका अर्थ यह है कि अदालत ने न तो तलाक याचिका में लगाए गए आरोपों की सत्यता पर विचार किया और न ही उनके पक्ष या विपक्ष में कोई फैसला दिया। मामला केवल याचिका वापस लिए जाने के आधार पर समाप्त हुआ है।
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, जब कोई याचिका इस तरह वापस ली जाती है तो अदालत आरोपों के मेरिट पर निर्णय नहीं देती। इसलिए याचिका में किए गए दावों की न्यायिक पुष्टि नहीं मानी जाती।
फरवरी में दायर की गई थी तलाक याचिका
संगीता ने इसी वर्ष फरवरी में फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल की थी। इसके बाद मामला मध्यस्थता (Mediation) के लिए भी भेजा गया था। पिछली सुनवाई में दोनों पक्षों की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई स्थगित कर दी गई थी। शुक्रवार को संगीता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में उपस्थित होकर अपनी याचिका वापस लेने का निर्णय सुनाया।
याचिका में लगाए गए थे कई आरोप
तलाक याचिका में संगीता ने विजय के खिलाफ कई आरोप लगाए थे। उन्होंने वैवाहिक संबंध टूटने के लिए कथित बेवफाई, मानसिक प्रताड़ना और भावनात्मक उपेक्षा जैसे आरोपों का उल्लेख किया था। याचिका में यह भी दावा किया गया था कि विजय के एक महिला सह-अभिनेत्री के साथ कथित संबंधों के कारण उन्हें मानसिक पीड़ा हुई। हालांकि इन आरोपों की अदालत में सुनवाई नहीं हुई और न ही कोर्ट ने इनकी सत्यता पर कोई टिप्पणी की। चूंकि याचिका वापस ले ली गई है, इसलिए इन आरोपों पर कोई न्यायिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
स्थायी गुजारा भत्ता और निवास का भी किया था अनुरोध
याचिका में संगीता ने विवाह समाप्त करने के साथ-साथ स्थायी गुजारा भत्ता (Permanent Alimony) की भी मांग की थी। इसके अलावा उन्होंने याचिका के निस्तारण तक नीलांकरई स्थित वैवाहिक आवास में रहने का अधिकार अथवा वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया था। उन्होंने मामले की सुनवाई बंद कमरे में किए जाने की भी मांग की थी, ताकि दोनों पक्षों की निजता बनी रहे। अब जबकि याचिका वापस ले ली गई है, इन मांगों पर भी अदालत ने कोई निर्णय नहीं दिया।
27 साल पुरानी है विजय और संगीता की शादी
विजय और संगीता की शादी 25 अगस्त 1999 को हुई थी। उस समय विजय तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रहे थे। संगीता मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल परिवार से हैं और उन्होंने हमेशा सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखी। विजय के सुपरस्टार बनने और बाद में राजनीति में आने के बावजूद वे बहुत कम सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आईं। दंपति के दो बच्चे हैं, बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा।
कब शुरू हुई थीं अलगाव की चर्चाएं?
साल 2025 में दोनों के अलग होने की अटकलें उस समय तेज हो गई थीं, जब संगीता विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के एक बड़े कार्यक्रम में शामिल नहीं हुई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुईं। हालांकि उस समय न तो विजय और न ही संगीता की ओर से अलगाव की आधिकारिक पुष्टि की गई थी। बाद में फरवरी 2026 में तलाक याचिका दाखिल होने की खबर सामने आने के बाद यह मामला व्यापक चर्चा का विषय बन गया।


Click it and Unblock the Notifications
