पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले लेखक के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता, 311 लोगों पर केस दर्ज
चेन्नई। तमिलनाडु में चेन्नई पुलिस ने 311 भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एच राजा भी शामिल हैं। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को मरीना बीच पर बुधवार को हिरासत में ले लिया था। उस वक्त ये लोग तमिल लेखक नेल्लई कन्नन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। कन्नन वही लेखक हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बुधवार को कन्नन को पेरांबुर से गिरफ्तार किया था। दरअसल रविवार को तिरुनेलवेली में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ एक सभा का आयोजन हुआ था। जिसके बाद कन्नन के कथित भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कन्नन पर दो समुदायों के बीच हिंसा भड़काने और शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने सहित कई आरोप दर्ज किए गए हैं।
Tamil Nadu: Chennai police files cases against 311 BJP workers including party's national general secretary H Raja. BJP workers were detained by the police yesterday at Marina Beach while they were protesting against Nellai Kannan over his remarks against PM Modi & HM Amit Shah.
— ANI (@ANI) January 2, 2020
ये कार्यक्रम सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया ने आयोजित करवाया था। कन्नन ने कथित तौर पर इस बात पर "हैरानी" व्यक्त की कि मुसलमान अभी तक प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।
इस सभा में कन्नन ने अमित शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को अपने नियंत्रण में रखते हैं। तमिल लेखक के विवादित बयान को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच राजा ने तमिलनाडु पुलिस से उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि मैंने तमिलनाडु पुलिस के महानिदेशक से वॉट्सएप पर और ऑनलाइन शिकायत की है। मैं तमिलनाडु सरकार से तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं।
पुलिस ने तमिल लेखक के खिलाफ धारा 504, 505 और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस कन्नन को गिरफ्तार करने तब पहुंची जब उसे बताया गया कि कन्नन को छाती में दर्द है। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस में अस्पताल ले जाया गया।