मोदी के मंत्री सुरेश गोपी की ‘गुमशुदगी’ की रिपोर्ट! लेकिन सोशल मीडिया पर हैं एक्टिव, खुद बताया कहां हैं?
Suresh Gopi: नरेंद्र मोदी सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा पर्यटन राज्य मंत्री और भाजपा सांसद सुरेश गोपी को लेकर 'गुमशुदगी' की शिकायत दर्ज कराई गई है। केरल स्टूडेंट्स यूनियन (KSU) के एक नेता गोकुल गुरुवायूरने दावा किया कि त्रिशूर लोकसभा सांसद सुरेश गोपी पिछले तीन महीनों से अपने संसदीय क्षेत्र नहीं आए। उन्होंने रविवार (10 अगस्त) को पुलिस में उनकी 'गुमशुदगी' की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि ये शिकायत ईमेल के जरिए ईस्ट पुलिस को शिकायत भेजी गई है।
गोकुल गुरुवायूर ने कहा है कि वो सोमवार (11 अगस्त) को शिकायक की हार्ड कॉपी पुलिस स्टेशन में सौंपेंगे। सुरेश गोपी के 'गुमशुदगी' की शिकायत के बीच उनका 09 अगस्त 2025 का सोशल मीडिया पोस्ट सुर्खियों में आ गया है। एक और जहां KSU के नेता दावा कर रहे हैं कि सुरेश गोपी 'लापता' हैं, वहीं दूसरी ओर सुरेश गोपी सोशल मीडिया पर पूरी तरह एक्टिव हैं। इतना ही नहीं उन्होंने अपने लेटेस्ट पोस्ट में यह भी बताया है कि वो इन दिनों कहां हैं।

'गुमशुदगी' की अफवाहों के बीच सुरेश गोपी का 9 अगस्त का पोस्ट वायरल!
सुरेश गोपी ने 09 अगस्त को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
''मणिपुर में मौजूद होकर खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं [08.08.2025]। यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय के तहत है-एक पहल, जिसे हमारे प्रधानमंत्री ने शुरू किया है और जिसका उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास और प्रगति को आगे बढ़ाना है। यह यात्रा मणिपुर बजट के पक्ष में सकारात्मक वोट डालने के ठीक एक दिन बाद हो रही है।"
Feeling blessed to be in Manipur [08.08.2025] under the Ministry of Development of North Eastern Region,an initiative, envisioned by our PM, that aims to drive development and growth in the North Eastern Region, just a day after casting a positive vote for the Manipur budget. pic.twitter.com/jVHEoWHB4I
— Suressh Gopi (@TheSureshGopi) August 9, 2025
सरकारी वेबसाइट पर भी सुरेश गोपी के इस यात्रा को लेकर प्रेस रिलीज और खबरें छपी हैं। सुरेश गोपी ने 08 अगस्त को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले का दौरा किया था और विभिन्न विभागों के समग्र कार्यों की समीक्षा करने तथा केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन का आकलन करने के लिए बैठक की अध्यक्षता की थी।
सुरेश गोपी ने इस दौरान प्रधानमंत्री के 'परिवर्तित पूर्वोत्तर' के सपने का जिक्र करते हुए कहा था कि अगर लोग अलग-अलग क्षेत्रों में नवाचार अपनाएं तो एक नया और बेहतर मणिपुर उभर सकता है।
09 अगस्त से पहले सुरेश गोपी ने 2 अगस्त, 31 जुलाई, 24 जुलाई, 23 जुलाई, 21 जुलाई...यानी लगभग हर दो-तीन दिन में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी उपस्थिति दिखाई है। अभी तक सुरेश गोपी ने अपनी 'गुमशुदगी' की शिकायत दर्ज होने को लेकर कुछ नहीं कहा है।
▶️ Who is Suresh Gopi: कौन हैं सुरेश गोपी?
भाजपा नेता सुरेश गोपी ने लोकसभा चुनाव 2024 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जिससे पार्टी ने पहली बार केरल से लोकसभा में खाता खोला था। अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी ने CPI के पूर्व मंत्री वी.एस. सुनील कुमार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन को हराकर त्रिशूर से जीते थे।
▶️ मलयालम सिनेमा के स्टार
- जून 1958 में केरल के अलप्पुझा में जन्मे सुरेश गोपी ने प्राणीशास्त्र (Zoology) में स्नातक और अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की है। वह एक अभिनेता और पार्श्व गायक हैं, जो मुख्य रूप से मलयालम फिल्मों में काम करते हैं, साथ ही तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी नजर आए हैं। वह समाजसेवा और परोपकार के कामों में भी सक्रिय हैं।
▶️ सुरेश गोपी का फिल्मी करियर
- कई फिल्मों में अभिनय करने के बाद सुरेश गोपी को 1992 में शाजी कैलास की फिल्म थालस्तानम में लीड रोल से बड़ा ब्रेक मिला। उन्होंने 250 से अधिक फिल्मों में काम किया है।
- 1993 की एकलव्यन के जरिए उन्होंने मलयालम सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाई। उनकी अन्य चर्चित फिल्मों में मणिचित्राथाझु और कमिश्नर शामिल हैं।
- 1997 की फिल्म लेलम में उनका किरदार ''Anakkattil Chackochi'' आज भी उनके करियर का यादगार रोल माना जाता है।
- 1998 में फिल्म कलियाट्टम के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और केरल राज्य फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड मिला।
- 2015 की माय गॉड उनकी आखिरी फिल्म थी, जिसके बाद उन्होंने पांच साल का ब्रेक लिया और 2020 में वराने अवश्यमुण्ड से वापसी की।
▶️ टीवी होस्ट के रूप में सुरेश गोपी का सफर
- 2012 में उन्होंने एशियानेट पर गेम शो निंगलक्कुम आकाम कोडेश्वरन (Who Wants to Be a Millionaire? का मलयालम वर्जन) होस्ट किया। वह इसके पांच और सीजन तक होस्ट बने रहे। इसके अलावा उन्होंने सूर्या टीवी पर अंचिनोडु इंचोडिंचु भी होस्ट किया।
▶️ सुरेश गोपी का राजनीतिक सफर
- अक्टूबर 2016 में सुरेश गोपी आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हुए। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने त्रिशूर से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार से हार गए। मार्च 2024 के चुनाव में भाजपा ने उन्हें फिर से टिकट दिया और वो त्रिशूर से जीते।
- 29 अप्रैल 2016 को राष्ट्रपति द्वारा उन्हें राज्यसभा के लिए नामांकित किया गया था। यह नामांकन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत "विशिष्ट नागरिक" श्रेणी में किया गया था। उन्होंने 2016 से 2022 तक राज्यसभा सांसद के रूप में सेवा दी।












Click it and Unblock the Notifications