फ्रिज से कितनी बेहतर होती है सुराही? उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने की खूबसूरत तुलना
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने एक ट्वीट में सुराही और फ्रिज की तुलना की है। उनका यह ट्वीट वायरल हो गया है। कुछ ही घंटों में लाखों व्यूज मिल चुके हैं। प्रतिक्रियाएं बंटी हुई हैं।

उद्योगपति आनंद महिंद्रा आजकल अपने खास ट्वीट के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं। उन्होंने एक ऐसा ही ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि कैसे साधारण सी दिखने वाली एक सुराही फ्रिज की तुलना में बेहतर है। खास बात यह है कि उन्होंने सुराही और फ्रिज की इस तुलना में सिंगर अरिजीत सिंह का भी जिक्र किया है।
सुराही और फ्रिज की तुलना
आनंद महिंद्रा के फॉलोअर्स उनसे ऐसे ही ट्वीट की उम्मीद करते रहते हैं, जो बहुत ही अलग हटकर होती हैं। उसमें सामाजिक संदेश भी होता है और प्रकृति से भी जुड़ा रहता है। अब उन्होंने दो तस्वीरों के साथ यह बताने की कोशिश की है कि सुराही और फ्रिज को लेकर वह क्या सोचते हैं।
कई लोगों ने उनसे जताई सहमति
उनके मुताबिक सुराही फ्रिज से बेहतर है। बहुत सारे लोगों ने उनकी बात से सहमति जताई है। लेकिन, कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें लगता है कि बिजनेसमैन ने जो पोस्ट किया है, वह अव्यावहारिक है।
'सुराही डिजाइन और सौंदर्य के लिहाज से भी बेहतर है'
आनंद महिंद्रा ने जो पोस्ट शेयर किया है, उसके कैप्शन में लिखा है, 'सच कहूं, सुराही डिजाइन और सौंदर्य के लिहाज से भी बेहतर है। पृथ्वी को लेकर चिंतित दुनिया में जिस तरह से सकारत्मकता तेजी से बढ़ी है, सादगीपूर्ण सुराही एक प्रीमियम लाइफस्टाइल एक्सेसरी बन सकती है। '
200 रुपए की सुराही, 10 हजार से ज्यादा कीमत की फ्रिज
इसके साथ ही उन्होंने सुराही और फ्रिज दोनों की तस्वीरें लगाई हैं और दोनों की गुणवत्ता बताई है और उनकी तुलना भी की है। उन्होंने लिखा है, दोनों पानी ठंडा करते हैं। लेकिन, सुराही 200 रुपए में मिलती है, फ्रिज की कीमत 10 हजार से ज्यादा होती है।
मेंटेनेंस में आकाश-पाताल का अंतर
सुराही की उम्र पूरी लाइफटाइम की हो सकती है और नाती-पोतियों तक इस्तेमाल कर सकते हैं। जबकि, फ्रिज 7 से 15 साल चलता है। सुराही की मेंटेनेंस कम है, जबकि फ्रिज की मेंटेनेंस भी ज्यादा है और बिजली भी खपत होती है।
अरिजीत सिंह के गाने का जिक्र
सुराही प्रोटेबल है, जबकि फ्रिज के साथ ऐसा नहीं है। इसके बाद उन्होंने सिंगर अरिजीत सिंह के एक गाने के बोल लिखकर भी चुटकी ली है। उन्होंने लिखा है, अरिजीत सिंह ने गाया, 'दूधों की मलाई वही, मिट्टी की सुराही रस्ता देखे'। लेकिन, फ्रिज के बारे में अरिजीत सिंह ने कोई गाना नहीं गाया।
सोशल मीडिया पर दोनों तरह की प्रतिक्रिया
लेकिन, उनके इस ट्वीट पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों की प्रतिक्रिया है कि 'सुराही में सिर्फ पानी स्टोर किया जा सकता है। वहीं, रेफ्रिजरेटर के कई काम हैं। जो लोग फ्रिज रखते हैं, वह भी सुराही रखते हैं, जो गर्मी के दिनों में पानी ठंडा करते हैं और उसका स्वाद भी बढ़ाते हैं।'
एक यूजर लिखते हैं, 'मुझे लगता है कि सस्टैनबिलिटी के प्रति बढ़ती दिलचस्पी की वजह से मैं निश्चित तौर पर सुराही को स्टाइलिश के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल चीज बनते देखता हूं, जिसे रखना ही चाहिए.....' एक ने लिखा है कि 'आखिरी तुलना इसे निर्णायक बनाती दिखती है!!'
वहीं एक यूजर ने लिखा है, 'थैंक यू। मैं हर गर्मी में प्राकृतिक रूप से ठंडा पानी पाने के लिए सुराही के पानी का इस्तेमाल करता रहा हूं, इसमें अतिरिक्त मिलावट के साथ, एक तांबे का बर्तन और रोजाना एक मोगरे का फूल। इससे मेरी संतुष्टि और बढ़ जाती है। मेरे परिवार में कोई भी फ्रिज का पानी नहीं पीता है। '
लाखों में हो चुके हैं व्यूज
उन्होंने मंगलवार यानि 9 मई,2023 को यह ट्वीट किया है और खबर लिखे जाने तक इसे 12 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications