ट्विटर को धमकी का मामला: 'बेनकाब हो गया कायर तानाशाह', कांग्रेस का पीएम मोदी पर जमकर हमला
Congress On Jack Dorsey: ट्विटर के पूर्व सीईओ जैक डॉर्सी के आरोप को लेकर कांग्रेस ने आज केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस ने कहा कि ट्विटर के पूर्व सीईओ ने एक-एक बात सही कही है। वे झूठ क्यों बोलेंगे, उन्हें इससे क्या फायदा। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत (Supriya Shrinate) ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान राहुल गांधी तक को नहीं छोड़ा गया। उनके अकाउंट को भी सस्पेंड कर दिया गया था।
सुप्रिया श्रीनेत (Supriya Shrinate) ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हिटलर की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वे तानाशाह की तरह देश चला रहे हैं। देश का प्रधानमंत्री तानाशाह होने के साथ कायर भी है। मीडिया संस्थानों पर लगातार हमला कर रहे हैं। बता दें कि जैक डोर्सी ने भारत सरकार पर किसान आंदोलन के दौरान धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की तरफ से ट्विटर को भारत में बंद करने की भी धमकी दी गई थी।

तानाशाह प्रधानमंत्री ने अपने नेता की भी नहीं सुनी
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि किसानों ने अपने अधिकार के लिए एक साल से भी अधिक समय तक आंदोलन किया। बारिश, ठंड, गर्मी की परवाह न करते हुए किसानों ने अपने अधिकार के लिए जान तक दे दी लेकिन यह तानाशाह किसी की सुनने को तैयार नहीं था। प्रधानमंत्री ने अपने नेता सत्यपाल मलिक तक की नहीं सुनी। प्रधानमंत्री ने इतना तक कह दिया कि किसान खुद आंदोलन कर रहे हैं मैंने नहीं बुलाया है। प्रधानमंत्री ने हर उस प्लेटफॉर्म पर प्रहार करने की कोशिश की जिसने किसान आंदोलन को दिखाने की कोशिश की।
24 मई को ट्विटर के अधिकारियों के घर छापा मारा गया था
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि किसानों को मवाली, खालिस्तानी, पाकिस्तानी और आतंकवादी कहा जा रहा था। ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म से कहा जा रहा था कि अगर वे किसानों को दिखाते हैं, उन्हें भारत में बंद कर दिया जाएगा और छापे मारे जाएंगे। इसके बाद 24 मई 2021 को ट्विटर के अधिकारियों के घर पर छापा मारा गया। यह सब किसान आंदोलन को दबाने के लिए किया गया। ट्विटर ही नहीं इसके अलावा कोरोना काल में दैनिक भास्कर, न्यूज क्लिक, द वायर, एनडीटीवी के ऊपर भी रेड की गई। जिसने भी आवाज दिखाने की कोशिश की उसे दबाने की कोशिश की।
राहुल गांधी को भी नहीं बख्शा गया: कांग्रेस
सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को सरकार के कहने पर ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद छह महीने तक के लिए सब्सक्राइबर्स ग्रोथ भी स्लो कर दी गई। इसके बाद जब सरकार की हरकत की खबर बाहर आने लगी तो तुरंत में सब्सक्राइबर्स ग्रोथ उछाल मारने लगी। राहुल गांधी ने सही कहा था लोकतंत्र की हत्या हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications