'बच्चों के लिए इंटरनेट बैन नहीं कर सकते',सुप्रीम कोर्ट का फैसला, सोशल मीडिया कंपनियों को सख्त संदेश

डिजिटल दौर में बच्चों के इंटरनेट इस्तेमाल और उनकी ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों के इंटरनेट चलाने पर उम्र के आधार पर किसी भी तरह की पूरी पाबंदी या बैन लगाने से साफ इनकार कर दिया है।

शीर्ष अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि देश के हर नागरिक की तरह बच्चों के लिए भी इंटरनेट का इस्तेमाल एक मौलिक अधिकार है। कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सख्त निगरानी, पैरेंटल कंट्रोल और बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री हटाने के लिए ठोस व्यवस्था बनाने पर जोर दिया है।

SC No Ban On Internet Use By Age

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी चंद्रन की पीठ ने इस मामले की सुनवाई के दौरान बेहद सख्त और दूरगामी टिप्पणी की। अदालत ने कहा,

"संविधान के अनुच्छेद 21 और अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत इंटरनेट तक पहुंच और इसका उपयोग हर इंसान का मौलिक अधिकार है। बच्चों को सिर्फ उनकी उम्र की वजह से इससे दूर करना पूरी तरह गलत होगा। यह कहना वैसा ही होगा जैसे किसी खास उम्र से छोटे बच्चों के पास बोलने की आजादी या बचाने लायक अंतरात्मा ही नहीं होती। बच्चों की सुरक्षा और उनकी आजादी एक-दूसरे के खिलाफ नहीं हैं, वे दोनों के हकदार हैं।"

उम्र के आधार पर इंटरनेट बैन क्यों नहीं?

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि कानून बनाकर बच्चों को इंटरनेट से दूर रखने की कोशिश करने भर से वे इसका इस्तेमाल बंद नहीं कर देंगे। ऐसे में पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के बजाय ऐसा सिस्टम बनाना जरूरी है, जो उन्हें ऑनलाइन खतरों से बचा सके।

कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सख्त पैरेंटल कंट्रोल, बच्चों के लिए अलग मोड और यौन शोषण से जुड़ी सामग्री को तेजी से हटाने जैसे कदमों पर जोर दिया। इसका मकसद बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा बढ़ाना है, लेकिन उनकी इंटरनेट तक पहुंच पूरी तरह खत्म करना नहीं।

ऑनलाइन यौन शोषण और CSAM पर जताई गहरी चिंता

यह पूरा मामला एनजीओ 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायंस' (Just Rights for Children Alliance) और एक अन्य आवेदक द्वारा दायर अर्जियों पर सुनवाई के दौरान सामने आया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री (CSEAM/CSAM) को रोकने और भारतीय एजेंसियों को इसकी रिपोर्ट करने में अपनी कानूनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने इस पर केंद्र सरकार और सोशल मीडिया कंपनियों की सुस्ती पर कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि पेड प्रमोशन और रिडायरेक्ट लिंक्स के जरिए ऐसे घिनौने कंटेंट का फैलाया जाना बेहद दुखद है और इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने होंगे।

पूर्ण बैन की जगह पैरेंटल कंट्रोल और तकनीक पर जोर

अदालत ने यह माना कि केवल कानून बनाकर मना कर देने से बच्चे इंटरनेट चलाना बंद नहीं करेंगे। इसलिए पूर्ण प्रतिबंध लगाने की जगह कोर्ट ने कड़े पैरेंटल कंट्रोल, 'चाइल्ड मोड' फीचर्स लागू करने और गंदे कंटेंट को तुरंत हटाने की बात कही। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को एक नेशनल डेटाबेस बनाने का निर्देश दिया है।

इस डेटाबेस में संदिग्ध यूआरएल (URL) और डिजिटल आइडेंटिफायर्स को शामिल किया जाएगा। साथ ही, हैश-मैचिंग तकनीक और एसओपी (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि ऐसे कंटेंट को तुरंत ट्रैक करके हटाया जा सके।

अब केंद्र सरकार को क्या करना होगा?

याचिकाकर्ताओं ने सभी प्लेटफॉर्म के लिए एक जैसी रिपोर्टिंग प्रक्रिया, केंद्रीय पोर्टल और नियम नहीं मानने वाले सोशल मीडिया इंटरमीडियरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कोर्ट ने केंद्र सरकार को पुष्टि हो चुकी आपत्तिजनक सामग्री से जुड़े डिजिटल पहचान संकेतों और यूआरएल का राष्ट्रीय डेटाबेस बनाने का निर्देश दिया है। इससे ऐसी सामग्री की पहचान करने और उसे हटाने में मदद मिलेगी।

बेंच ने केंद्र से परसेप्चुअल हैश-मैचिंग, यूआरएल लिस्टिंग और दूसरी तकनीकी प्रक्रियाओं के लिए गाइडलाइंस और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) बनाने को भी कहा। इन तकनीकों की मदद से पहले से पहचानी गई सामग्री की दूसरी कॉपी को ढूंढना और हटाना आसान हो सकता है।

फैसले का बच्चों और पैरेंट्स के लिए क्या मतलब है?

इस टिप्पणी का सीधा मतलब यह है कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के नाम पर इंटरनेट पर उम्र के आधार पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय सुरक्षा के मजबूत उपायों पर ध्यान देना होगा। पैरेंटल कंट्रोल, बच्चों के लिए सुरक्षित मोड और आपत्तिजनक सामग्री हटाने की व्यवस्था इसमें अहम भूमिका निभा सकती है।

हालांकि, कोर्ट की टिप्पणी को बच्चों के लिए इंटरनेट इस्तेमाल की पूरी छूट या सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की सामग्री देखने की अनुमति नहीं समझना चाहिए। मामला बच्चों के अधिकारों और ऑनलाइन शोषण से उनकी सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने का है। अब केंद्र सरकार की गाइडलाइंस और तकनीकी व्यवस्था यह तय करने में अहम होंगी कि सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा कैसे मजबूत की जाती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+