Supertech News: सुपरटेक के चेयरमैन आरके अरोड़ा को घंटों रखा गया हिरासत में, फिर इस शर्त पर किया गया रिहा
गौतमबुद्ध नगर की एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव ने कहा, हमने सुपरटेक लिमिटेड के अध्यक्ष आरके अरोड़ा को 30 करोड़ वसूलने के लिए दादरी कार्यालय बुलाया था।

Supertech News: सुपरटेक लिमिटेड के अध्यक्ष आरके अरोड़ा को गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन के दादरी तहसील के अधिकारियों ने सोमवार (08 मई) कई घंटों तक हिरासत में रखा और उन्हें लक्सर जेल भेज दिया। जिसके बाद आरके अरोड़ा ने उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (यूपी-रेरा) के निर्देश पर भेजे गए वसूली नोटिस के भुगतान का आश्वासन दिया। फिर प्रशासन ने उन्हें जाने दिया।
30 करोड़ रुपये का है बकाया
आरके अरोड़ा की दो कंपनियों, सुपरटेक टाउनशिप और रियलटेक पर यूपी-रेरा का 30 करोड़ रुपये बकाया है, जिसका भुगतान उन होमबॉयर्स को किया जाना था, जिन्होंने परियोजनाओं में देरी के कारण रिफंड की मांग की थी। जिले के अधिकारियों ने कहा कि बार-बार रिकवरी नोटिस के बावजूद कंपनियां भुगतान करने में विफल रही थी।
गौतमबुद्ध नगर की एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि आरके अरोड़ा को उनकी दो कंपनियों, सुपरटेक टाउनशिप और रियलटेक से 30 करोड़ वसूलने के लिए दादरी ऑफिस बुलाया था। हमारे द्वारा आरसी जारी करने और कार्यालयों को सील करने के बावजूद दोनों कंपनियां भुगतान करने में विफल रही थी।
5 बजे लिया गया था हिरासत में
वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि हमने शाम करीब 5 बजे अरोड़ा को हिरासत में लिया और लुक्सर जेल भेज दिया। लेकिन बाद में उन्होंने हमें भरोसा दिलाया कि वह भुगतान कर देंगे। जिसके बाद हमने उन्हें लगभग 8.40 बजे रिहा कर दिया।
जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि यूपी-रेरा द्वारा जारी रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) को लेकर सुपरटेक के अध्यक्ष आरके अरोड़ा को सोमवार को प्रशासन ने तलब किया था। अधिकारियों ने कहा कि आरके अरोड़ा को उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) दादरी के कार्यालय में वसूली संबंधी कामों के लिए बुलाया गया था। यमुना एक्सप्रेसवे से दूर एक परियोजना के लिए उनमें से 52 आरसी की राशि 26 करोड़ रुपये है।
'डिफॉल्टर्स के खिलाफ ऐसे ही की जाएगी कार्रवाई'
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने कहा, "आरके अरोड़ा ने वसूली नोटिस पर बकाया राशि चुकाने के लिए सहमत हुए। हालांकि हमने उन्हें हिरासत में नहीं लिया था। हमारा उद्देश्य डेवलपर्स से बकाया वसूलना है और हम अन्य डिफॉल्टर्स के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई करेंगे।"
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि सुपरटेक ने हाल ही में 5 करोड़ रुपये की आरसी को मंजूरी दी थी। सोमवार को सुपरटेक के चेयरमैन ने 2 करोड़ रुपये का भुगतान करने और 5 करोड़ रुपये का निपटान करने का वादा किया। उन्होंने यह भी वादा किया कि कंपनी जल्द ही बाकी बकाया राशि का भुगतान कर देगी।"
10 दिन का दिया गया आरके अरोड़ा को वक्त
एसडीएम दादरी आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि आरके अरोड़ा करीब एक घंटे तक अपने कार्यालय में रहे। आलोक कुमार गुप्ता ने कहा, ''आरके अरोड़ा ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से आरसी के बारे में नहीं जानते थे। उन्होंने एक स्टाफ सदस्य को बुलाया जो कंपनी के लिए इन मुद्दों को संभालता है। वे जल्द ही बकाया चुकाने के लिए तैयार हो गए। हमने बकाया राशि को चुकाने के लिए उन्हें 10 दिन का समय दिया है, जिसमें विफल रहने पर कार्रवाई की जाएगी।"












Click it and Unblock the Notifications