Haryana Election 2019: बबीता फोगाट से सनी देओल ने मांगी माफी, फिर पहलवान ने भी दिया जवाब
नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हो रहा है। इस बार चुनाव मैदान में दंगल गर्ल बबीता फोगाट भी हैं। इन सबके बीच बॉलीवुड अभिनेता और गुरदासपुर से बीजेपी सांसद सनी देओल ने अपनी एक वीडियो ट्वीट करते हुए पहलवान बबीता फोगाट से माफी मांगी है।

इसके साथ ही उन्होंने चुनावों में जीत के लिए भी बबीता को शुभकामनाएं दी हैं। सनी देओल का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसे लोग खूब रीट्वीट और लाइक कर रहे हैं। सनी देओल ने बबीता से एक रोड शो को लेकर माफी मांगी है। दरअसल बबीता ने एक रोड शो का आयोजन किया था, जिसमें सनी पहुंच नहीं पाए। उनके विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते वह इस रोड शो में शिरकत नहीं कर पाए।
सनी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'देश की महान सुपुत्री एवं चरखी दादरी विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार बहन बबीता फोगाट द्वारा आयोजित रोड शो में जहाज में आए तकनीकी खराबी के कारण पहुंच नहीं पाया। इसके लिए क्षमा चाहता हूं,और मेरी तरफ से बहन को ढेर सारी शुभकमनाएं।'
सनी देओल के ट्वीट का जवाब देते हुए बबीता फोगाट ने कहा, 'जरूरी नहीं रिश्ते मिलने से ही कायम रहें, मन में प्रेम और सम्मान हो तो रिश्ता मजबूत रहता है। सनी देओल भाई आपको किसी प्रकार की क्षमा मांगने की जरूरत नहीं। आपका प्रेम और आशीर्वाद जो हमेशा मिला है वो बस इस छोटी बहन पर यूं ही सदा बना रहे। आपका यह संदेश ही मेरा आशीर्वाद है।'
बता दें आज महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। वहीं हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। दोनों ही राज्यों में मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications