बिहार से सतीश दुबे, यूपी से सुधांशु त्रिवेदी होंगे भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने सुधांशु त्रिवेदी और सतीश दुबे को अपना राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी उत्तर प्रदेश से और सतीश दुबे बिहार से भाजपा उम्मीदवार होंगे। दोनों राज्यों की एक-एक सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होंगे। बिहार की सीट राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सदस्य राम जेठमलानी के निधन की वजह से खाली हुई है। उत्तर प्रदेश से भाजपा के अरुण जेटली सांसद थे। जिनका लंबी बीमारी के बाद अगस्त में निधन हो गया था। दोनों सीटों पर उपचुनाव होना है।

सतीशचंद्र दुबे पूर्व सांसद हैं। वो 2014 में वाल्मिकीनगर से एमपी रह चुके हैं। वह नरकटियागंज से विधायक भी रहे हैं। उनको भाजपा के सहयोगियों ने भी समर्थन का ऐलान किया है। ऐसे संकेत हैं कि आरजेडी भी उम्मीदवार नहीं उतारेगी, ऐसे में दुबे का राज्यसभा जाना लगभग तय है। पहले इस सीट पर जेडीयू और बीजेपी के बीत खींचतान की बात सामने आई थी लेकिन भाजपा जदयू को मनाने में कामयाब रही।
उत्तर प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार सुधांशु त्रिवेदी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वो लंबे समय से टीवी पर भाजपा का पक्ष रखते दिखते रहे हैं। उत्तर प्रदेश की इस सीट पर भाजपा के कई नेताओं का नाम चर्चा में था। इनमें पूर्व मंत्री मनोज सिन्हा और उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी का नाम आगे चल रहा था। सब पर तरजीह देते हुए पार्टी ने सुधांशु त्रिवेदी को उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश से भी भाजपा उम्मीदवार का जीतना तकरीबन तय ही है।
मरहूम राम जेठमलानी का कार्यकाल 2022 में खत्म होना था। ऐसे में बिहार सीट से राज्यसभा जाने वाले सदस्य का कार्यकाल तीन साल को होगा। वहीं पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली 2018 में राज्यसभा सांसद चुने गए थे। ऐसे में उत्तर प्रदेश के सदस्य का कार्यकाल पांच साल का होगा।












Click it and Unblock the Notifications