Sudha Murthy: 'मैं खुद 7-8 भाषा जानती हूं', तीन भाषा नीति पर सुधा मूर्ति ने कैसे देश को दिया बड़ा संदेश
Sudha Murthy Rajya Sabha MP: राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत प्रस्तावित तीन-भाषा नीति (three-language policy) का समर्थन किया है। उनके मुताबिक इसकी वजह से बच्चे काफी कुछ सीख सकते हैं। उनका कहना है कि वह खुद भी कई भाषा जानती हैं।
सुधा मूर्ति का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब खासकर तमिलनाडु में सत्ताधारी दल डीएमके और उसकी सहयोगी कांग्रेस की ओर से तीन-भाषा नीति को लेकर खूब विवाद किया जा रहा है। कर्नाटक भी इसको लेकर अपनी आपत्ति दर्ज करा रहा है।

Sudha Murthy on Three language formula: तीन-भाषा फॉर्मूले के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने भी किया हल्ला बोल
तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी केंद्र सरकार के इस कदम की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु पहले से ही दो-भाषा नीति - अंग्रेजी और तमिल - के साथ संतुष्ट है।
उनके मुताबिक, 'अंग्रेजी हमें वैश्विक व्यापार और विज्ञान से जोड़ती है, और तमिल हमारी संस्कृति और पहचान को संरक्षित करती है। यदि कोई तीसरी भाषा सीखना चाहता है, तो यह उसकी व्यक्तिगत पसंद होनी चाहिए, इसे अनिवार्य बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है।'
वहीं कांग्रेस सांसद जेबी मैथर ने भाजपा सरकार पर भाषा के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए कहा, 'बीजेपी को समझना चाहिए कि भाषा का मुद्दा एक संवेदनशील और भावनात्मक विषय है। सरकार को किसी भी ऐसी नीति को नहीं बढ़ावा देना चाहिए, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हों। धर्मेंद्र प्रधान (केंद्रीय शिक्षा मंत्री) समाज में अनावश्यक विभाजन पैदा कर रहे हैं। विपक्ष एकता का समर्थन करता है, इसलिए हमने संसद से वॉकआउट किया। बीजेपी की एनईपी में छिपी हुई मंशा है।'
Sudha Murthy on Three language policy: 'तीन-भाषा नीति का उद्देश्य बच्चों को अधिक भाषाओं का ज्ञान देना और व्यावसायिक संभावनाओं को बढ़ाना है'
जबकि, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कभी भी भाषा के नाम पर समाज में विभाजन पैदा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि तीन-भाषा नीति का उद्देश्य बच्चों को अधिक भाषाओं का ज्ञान देना और उनकी शैक्षिक व व्यावसायिक संभावनाओं को बढ़ाना है।
इस मुद्दे पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी प्रतिक्रिया दी और डीएमके (DMK) पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार बच्चों के सीखने के अधिकार को प्रभावित कर रही है और इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है। सीतारमण ने आरोप लगाया कि डीएमके सरकार इस नीति का विरोध करके शिक्षा प्रणाली में बाधा डाल रही है।
Sudha Murthy on Three language formula: 'बच्चों के लिए यह बहुत फायदेमंद हो सकता है'
तीन-भाषा नीति को लेकर चल रही इस बहस में सुधा मूर्ति ने जो कुछ कहा है, उसमें देश के लिए बहुत ही दूरगामी संदेश छिपा है। क्योंकि, अगर इसे सियासी चश्में से देखना छोड़ दिया जाए तो यह व्यक्तित्व के विकास के साथ-साथ नई पीढ़ी को आगे ले जाने का एक व्यापक आधार भी बन सकता है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बहुभाषी शिक्षा के महत्त्व को रेखांकित करते हुए कहा, 'मैं हमेशा से मानती हूं कि कोई भी व्यक्ति कई भाषाएं सीख सकता है और मैं खुद 7-8 भाषाएं जानती हूं। मुझे सीखने में आनंद आता है और बच्चों के लिए यह बहुत फायदेमंद हो सकता है।'












Click it and Unblock the Notifications