जासूसी मामले में भारत के एक्शन से पाकिस्तान में खलबली, दूतावास अधिकारी को भेजा समन
नई दिल्ली। जासूसी गतिविधियों में लिप्त होने के चलते सुरक्षा एजेंसियों द्वारा दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरू में इन दोनों ने भारतीय नागरिक होने का दावा किया लेकिन पूछताछ के बाद उनके पाकिस्तानी अधिकारी होने की बात सामने आई। उनके पास से फर्जी आधार कार्ड भी मिला है और दोनों ISI के लिए काम करते हैं। इन दोनों को सोमवार तक देश छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। भारत द्वारा इस कार्रवाई से पाकिस्तान पूरी तरह बौखला गया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद में अब भारतीय दूतावास के अधिकारी को समन भेजा है। पाकिस्तान की ओर से भारत के इस एक्शन का विरोध किया जा रहा है।
Recommended Video
पाकिस्तान ने भारत के आरोपों को गलत बताया
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारत द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया है और कहा है कि वह इसकी निंदा करते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान ने यह भी आरोप लगाया है कि भारत की ओर से वियना संधि को तोड़ा गया है जो कि द्विपक्षीय रिश्तों में खलल डाल सकता है। इस संबंध में भारत की तरफ से भी पाकिस्तान के उप राजदूत को एक आपत्तिपत्र जारी किया गया है जिसमें यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पाक के राजनयिक मिशन का कोई भी सदस्य भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त न हो और अपनी स्थिति से असंगत व्यवहार न करे।
ये हैं वो दोनों अधिकारी, वीजा सेक्शन में करते थे काम
जानकारी के मुताबिक दोनों पाकिस्तानी अधिकारियों को दिल्ली के करोल बाग से गिरफ्तार किया गया। इनपर काफी समय से नजर रखी जा रही थी। दोनों की पहचान आबिद हुसैन और ताहिर खान के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक आबिद हुसैन वीजा सेक्शन में काम करता था और दिसंबर 2018 में भारत आया था। आईएसआई का एजेंट है। वीजा असिस्टेंट के तौर पर पाकिस्तान हाईकमीशन में काम कर रहा था। ताहिर खान, आबिद हुसैन का असिस्टेंट था।
दिल्ली के इस पता पर बना था फर्जी आधार कार्ड
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी उच्चायोग में काम करने वाले आबिद के पास से दिल्ली के गीता कॉलोनी के नासिर गोतम नाम का आधार कार्ड मिला है। आबिद और ताहिर आर्मी पर्सन को टारगेट करते थे और खुद को इंडियन बताते थे। इसको लेकर ISI बाकायदा लिस्ट देती थी किन-किन लोगों को टारगेट करना है।