VIDEO: क्या अमर हैं अमरनाथ गुफा में रहने वाले 2 कबूतर? इस तरह भगवान शिव के क्रोध से बचे थे दोनों
नई दिल्ली: अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू से रवाना हो गया है। 30 जून से ये यात्रा पूरी तरह से शुरू हो जाएगी। इस बार बाबा बर्फानी ने भी विशाल रूप धारण किया है। जिस वजह से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा। वहीं यात्रा शुरू होते ही अमरनाथ गुफा में रहने वाले 'अमर कबूतरों' की भी चर्चा सोशल मीडिया पर तेज हो गई है। इसके बहुत से वीडियो भी वायरल हो रहे। आइए जानते हैं कि क्या है इन कबूतरों की कहानी- (तस्वीरें-सांकेतिक, वीडियो-नीचे)

जब माता पार्वती ने पूछा सवाल
पुराणों में लिखी कथा के मुताबिक एक बार माता पार्वती शंकर भगवान के पास बैठी थीं। उन्होंने भगवान से पूछा कि आप अमर हैं, जबकि मुझे हर जन्म के बाद कड़ी तपस्या करनी पड़ती है, तब जाकर आप मुझे मिलते हैं, ऐसा क्यों? पार्वती जी ने भगवान से उनके नरमुंड की माला और सांप के बारे में भी पूछ लिया। इस पर भगवान ने कहा कि वो उन्हें अमर कथा सुनाएंगे, लेकिन ऐसी जगह पर जहां पर कोई दूसरा प्राणी उसे ना सुन पाए। अगर कोई भी प्राणी वो कथा सुन लेता तो वो अमर हो जाता। इस पर पार्वती जी ने भी उनके साथ एकांत जगह जाने की हामी भर दी।

दो कबूतर भी थे मौजूद
भगवान शिव पार्वती जी को लेकर अमरनाथ गुफा पहुंचे। वहां पर उन्होंने कथा प्रारंभ की। भगवान शिव कथा कहते जा रहे थे, जबकि माता पार्वती हामी भर रही थीं। उस वक्त दो सफेद कबूतरों का जोड़ा भी गुफा में मौजूद था। कुछ देर तक पार्वती जी ने कथा ध्यान से सुनी, लेकिन फिर वो सो गईं। वहीं दूसरी ओर दोनों कबूतर गूं-गूं की आवाज निकाल रहे थे, जिस वजह से भगवान को लगा कि पार्वती जी कथा सुनकर हामी भर रही हैं।

भगवान शिव हुए क्रोधित
कथा समाप्त होने के बाद जब भगवान शिव ने पार्वती जी को देखा, तो पता चला कि वो सो रही थीं। इसके बाद उनकी नजर कबूतर के जोड़े पर पड़ी, जिससे वो क्रोधित हो गए। भगवान शिव उन्हें मारने के लिए आगे बढ़े, जिस पर कबूतरों ने भगवान से कहा कि जब माता पार्वती सो रही थीं, तो हमने पूरी कथा सुन ली। अगर आपने हमें मार दिया तो ये कथा झूठी साबित हो जाएगी। इसके बाद भगवान शिव ने उन्हें छोड़ दिया।

मिला ये वरदान
पुराणों के मुताबिक भगवान ने उन दोनों को वरदान दिया था कि वो दोनों अमर रहेंगे और शिव-पार्वती के प्रतीक के रूप में इस गुफा में निवास करेंगे। कहा जाता है कि तब से वो दोनों कबूतर उस गुफा में रहते हैं। कुछ साल पहले दो कबूतरों को गुफा के अंदर बने शिवलिंग पर भी बैठे देखा गया था।

'गुफा में कबूतरों को देखना शुभ'
वहीं हर साल अमरनाथ यात्रा शुरू होते ही कबूतरों के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं। कहा जाता है कि इन कबूतरों को देखना काफी शुभ होता है। हालांकि आज तक कोई ये नहीं बता पाया कि ये कबूतर वही 'अमर कबूतर' हैं या फिर दूसरे।












Click it and Unblock the Notifications