Chunavi Kisse: जब अमिताभ के लिए लड़कियों ने सड़कों पर बिछाए थे दुपट्टे, बैलेट को भी किया था लाली से लाल
Chunavi Kissa: लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Elections) के लिए वोटिंग का पहला चरण नजदीक आ रहा है। देश में 19 अप्रैल को पहले चरण के तहत मतदान होगा। देश में पहली बार 1951-52 में पहली बार आम चुनाव हुए थे। जिसके बाद तमाम ऐसे चुनावी किस्से हैं, जो आज भी लोगों की जुबान से उतरे नहीं है। ऐसा ही एक किस्सा है, जो आज के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan Election Story) से जुड़ा है।
बात पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश में हुए लोकसभा चुनाव 1984 की है, तब यूपी की इलाहाबाद सीट (अब प्रयागराज) से अभिनेता अमिताभ बच्चन कांग्रेस के उम्मीदवार थे। इस दौरान अमिताभ का चुनाव प्रचार में जलवा इस कदर था कि जहां भी जाते, लोगों का हुजूम उमड़ पड़ता था। खासकर लड़कियों में उनकी दीवानगी आला दर्ज की थी।

कद्दावर नेता से थी अमिताभ की टक्कर
1984 के लोकसभा चुनाव में अमिताभ बच्चन की टक्कर भारतीय लोकदल के कद्दावर नेता हेमवती नंदन बहुगुणा से थी। मालूम हो कि हेमवती नंदन बहुगुणा वो ही थे, जिन्होंने 1977 में कांग्रेस छोड़कर जनता पार्टी को केंद्र की सत्ता तक पहुंचाने में अहम किरदार निभाया था।
राजीव गांधी ने अपने दोस्त को दिया टिकट
देश में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 में चुनाव हो रहा था। ऐसे में कांग्रेस पार्टी की पूरी जिम्मेदारी राजीव गांधी के कंधों पर थी। इसी के साथ बहुगुणा से राजीव को सियासी बदला भी लेना और जनता के अंदर कांग्रेस को लेकर सहानुभूति भी थी। ऐसे में राजीव गांधी ने अपने मित्र अमिताभ बच्चन को इलाहाबाद सीट से प्रत्याशी के तौर पर उतार दिया।
अमिताभ का चला जादू, रिकॉर्ड मतों से जीता चुनाव
हालांकि इस चुनाव में दिग्गज नेता को बुरी हार का सामना करना पड़ा। अमिताभ के स्टारडम के आगे हेमवती नंदन बहुगुणा की राजनीतिक चमक फीकी पड़ी गई और अभिनेता ने इस चुनाव को 1,87,895 का भारी अंतर के एक रिकॉर्ड के साथ जीता।
1984 के चुनाव में अमिताभ को 2,97,461 वोट मिले थे, जो कुल 4,36,120 वोटों का 68.21% था। वहीं दूसरी तरफ उनके सामने बहुगुणा को 1,09.666 (25.15%) वोटों के साथ दूसरे स्थान मिला।
बैलेट पेपर पर लिपिस्टिक की छाप
चुनाव में मुकाबला काफी दिलचस्प था। जिसकी चर्चा आज भी होती है। अपने चुनाव प्रचार के दौरान अमिताभ बच्चन जहां भी जाते युवाओं की भीड़ उनका एक दो घंटे पहले से इंतजार करती नजर आती थी। इतना ही नहीं लड़कियां तो अमिताभ के ऊपर अपना दुपट्टा तक फेंक दिया करती थी। महानायक की लोकप्रियता बैलेट पेपर तक भी दिखी थी।
4 हजार वोट हुए थे अवैध घोषित
दरअसल, उस वक्त चुनाव में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाता था। ऐसे में जब मतों की गणना हुई तो अधिकारी भी चौंक गए, क्योंकि महिलाओं ने अपना वोट अमिताभ बच्चन को दिया था, लेकिन उस पर लिपिस्टिक की छाप छोड़ी थी। जिसकी वजह से करीब 4 हजार मतपत्र निरस्त कर दिए थे।












Click it and Unblock the Notifications