Delhi Kite Ban : हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका में मांग, दिल्ली में बैन करें पतंग बिक्री और उड़ाना
दिल्ली में पतंग उड़ाना एक सपना बन सकता है। खबरों के मुताबिक पतंग पर दिल्ली हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका में कहा गया है कि पतंग की बिक्री और उड़ान पर बैन लगाया जाए। stop kite sell and flying in delhi pil in high court
नई दिल्ली, 03 अगस्त : पतंग के कारण हुए हादसों का हवाला देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट से मांग की गई है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पतंग की बिक्री और पतंग उड़ाने की गतिविधि पर बैन लगाया जाए। याचिकाकर्ता सनशेर पाल सिंह ने जनहित याचिका दायर कर दिल्ली पुलिस, आम आदमी पार्टी (AAP) की अरविंद केजरीवाल सरकार और केंद्र सरकार को पक्षकार बनाया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हाईकोर्ट इस याचिका पर गुरुवार को सुनवाई कर सकती है।

दिल्ली में पतंग बैन की मांग संबंधित न्यूज18इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया, याचिकाकर्ता सनशेर पाल सिंह ने हाईकोर्ट से मांग की है कि राष्ट्रीय राजधानी में पतंग उड़ाने, उसे खरीदने-बेचने पर रोक लगाई जाए। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस, AAP सरकार और केंद्र सरकार को निर्देश दिया जाए कि दिल्ली में पतंग बेचने उड़ाने के अलावा पतंग जमा करने और दूसरी जगह सप्लाई करने पर भी रोक लगाई जाए।
क्या हैं दलीलें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते महीनों में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में कथित तौर पर पतंग उड़ाने के कारण कई हादसे हुए हैं। हादसों का प्रमुख कारण चीनी मांझा माना जाता है। बता दें कि चाइनीज मांझे (पतंग उड़ाने वाले धागे) पर दिल्ली में प्रतिबंध लागू है, लेकिन पतंग व्यापारी धड़ल्ले से चाइनीज मांझा बेच रहे हैं। बता दें कि चीनी मांझे से गर्दन कटने के कारण एक व्यक्ति की मौत होने की खबर सुर्खियों में रह चुकी है। इसके अलावा कई लोग, जानवर और पशु पक्षी चाइनीज मांझे की चपेट में आने के कारण गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं।
क्या है चाइनीज मांझा
दरअसल, चाइनीज मांझा मजबूत धागा होता है, ये इतना शार्प होता है कि किसी कोमल चीज से टकराने पर बड़ा नुकसान होता है। पतंगबाजी के बाद बेतरतीब ढंग से फेंके गए मांझे या पतंगबाजी के दौरान दूसरे की पतंग कटने के बाद उसे यूं ही छोड़ दिया जाता है, नतीजतन पतंग से जुड़ा चाइनीज मांझा कई बार पेड़ों की टहनियों में उलझा हुआ मिलता है। ऐसे में मांझे से अनजान इंसान की कोमल त्वचा कट जाती है। इसके अलावा चाइनीज मांझा पौधों और पशु-पक्षियों को भी कई तरह से नुकसान पहुंचाता है।












Click it and Unblock the Notifications