MP News: शिक्षक दिवस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने गुरुओं को किया सम्मानित, 55 लाख बच्चों को यूनिफॉर्म के लिए मिले 330 करोड़, शिक्षकों को मिला चौथा वेतनमान
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 2025 के दौरान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षा में गुरुओं की भूमिका की सराहना की और छात्रों को वर्दी के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की। उन्होंने शिक्षकों के लिए एक नया वेतनमान भी पेश किया, जिसमें शिक्षा में अनुशासन और भावनात्मक शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरु की महिमा का बखान करते हुए श्रीराम और श्रीकृष्ण की शिक्षकों से जुड़ी कथाएं सुनाकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उन्होंने कहा, "भारतीय परंपरा में ध्यान का आधार गुरु का स्वरूप, पूजा का आधार गुरु के चरण और मोक्ष का आधार गुरु की कृपा है।"

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 55 लाख स्कूली बच्चों को यूनिफॉर्म के लिए 330 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की। साथ ही, प्रदेश के 1.50 लाख शिक्षकों को चौथे वेतनमान की सौगात देने की घोषणा की, जिससे शिक्षकों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महर्षि विश्वामित्र द्वारा श्रीराम-लक्ष्मण को शस्त्र और शास्त्रों का ज्ञान देने तथा महर्षि सांदीपनि के आश्रम में श्रीकृष्ण की लीलाओं का उल्लेख करते हुए गुरु की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि "एआई के युग में मशीनें तो बनाई जा सकती हैं, लेकिन संस्कार केवल गुरु ही दे सकते हैं।" उन्होंने भारत की प्राचीन शिक्षा व्यवस्था में तक्षशिला और नालंदा की भूमिका को याद करते हुए कहा कि "भारत ने विश्वगुरु रहते हुए शिक्षा के माध्यम से संस्कार दिए हैं।" उन्होंने यह भी बताया कि आदि शंकराचार्य का जीवन ओंकारेश्वर की धरती पर ही बदला था।
शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सहायक शिक्षक, उच्च शिक्षक, प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक वर्ग को चतुर्थ कार्यमान वेतनमान दिया जाएगा। यह लाभ 2025-26 से लागू होगा और इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा। इससे सरकार पर 117 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
बच्चों को यूनिफॉर्म के लिए आर्थिक सहायता
सरकार ने कक्षा 1 से 8 तक के 55 लाख विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए 330 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं और सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन निजी स्कूलों से बेहतर रहा है।
राज्यपाल का संदेश: अनुशासन और भावनात्मक मजबूती जरूरी
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पारिवारिक माहौल बदल रहा है, ऐसे में बच्चों को अनुशासित रखना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को ऐसा माहौल दें जिससे वे भावनात्मक रूप से मजबूत बनें और जीवन की कठिनाइयों से हार न मानें।












Click it and Unblock the Notifications