मेघायल और नागालैंड में चुनाव की तैयारियां पूरी, नतीजे 3 मार्च को
शिलांग। दो पूर्वोत्तर राज्यों मेघालय और नागालैंड में कल के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम चार बजे तक चलेगा। नगालैंड के दूरदराज के जिलों में कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान तीन बजे समाप्त हो जाएगा। दोनों राज्यों की विधानसभाओं में 60-60 सीटें हैं लेकिन दोनों ही जगह 59 सीटों के लिए मतदान होगा। हालांकि चुनाव के नतीजे त्रिपुरा विधानसभा चुनावों के साथ तीन मार्च को घोषित होंगे। त्रिपुरा में 18 फरवरी को विधानसभा चुनाव हुए थे।

दोनों राज्यों में 59 सीटों पर होगा मतदान
मेघालय में 18 फरवरी को ईस्ट गारो हिल्स जिले में एक आईईडी विस्फोट में राकांपा प्रत्याशी जोनाथन एन संगमा की मौत हो जाने की वजह से विलियमनगर सीट पर चुनाव रद्द कर दिया गया है। नगालैंड में एनडीपीपी प्रमुख नीफियू रियो को उत्तरी अंगामी द्वितीय विधानसभा सीट से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। दोनों राज्यों में चल रहा चुनाव प्रचार रविवार शाम को थम गया। तीन राज्यों असम, मणिपुर और अरूणाचल प्रदेश में सरकार बनाने के बाद भाजपा अब नगालैंड तथा मेघालय में अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी हुई है। वहीं मेघालय में सत्ता में 10 साल से काबिज कांग्रेस अपने खाते से एक और राज्य में निकलने नहीं देना चाहेगा।

चुनाव से दो दिन पहले जारी किया घोषणा पत्र
मेघालय में कांग्रेस ने 59 और भाजपा ने 47 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। इस राज्य में लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष पी ए संगमा के पुत्र कॉनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और भाजपा अलग अलग चुनाव लड़ रही हैं। मेघालय में कांग्रेस ने शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया और वादा किया कि यदि वह राज्य में पुन: सत्ता में आई तो केंद्र द्वारा घोषित पांच लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा राशि को बढ़ा दिया जाएगा। पार्टी ने प्रचार अभियान खत्म होने से एक दिन पहले 20 पृष्ठ का यह घोषणापत्र जारी किया।

नागालैंड में भाजपा से कम सीटों पर चुनाव लड़ रही है कांग्रेस
वहीं नगालैंड में भाजपा को नीफियू रियो की नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के साथ मिलकर राज्य में सत्ता का सुख लेना चाहेगी। एनडीपीपी ने 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए है तो वहीं भाजपा 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वर्ष 1963 में नागालैंड के अस्तित्व में आने के बाद कांग्रेस ने तीन मुख्यमंत्री दिए। लेकिन वह इस चुनाव में भाजपा से दो सीटें कम 18 सीटों पर लड़ रही है।

पूर्वोत्तर में पकड़ मजबूत करना चाहेगी भाजपा
मेघालय में 370 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कुल 18.4 लाख मतदाता राज्य में फैले 3,083 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकारों का उपयोग करेंगे। मेघालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफ आर खारकोंगोर ने बताया कि राज्य में पहली बार 67 महिला मतदान केंद्र और 61 आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। राज्य विधानसभा चुनाव में 32 महिलाएं भी उम्मीदवार हैं। नागालैंड में 11,91,513 मतदाताओं में से 6,01,707 पुरूष और 5,89,806 महिला मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। सैन्य सेवाओं में कार्यरत मतदाताओं की संख्या 5,925 हैं।


Click it and Unblock the Notifications
