'भाजपा नेताओं को चप्पल से मारो अगर...', श्री राम सेना के प्रमुख ने क्यों कहा ऐसा?
श्री राम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक ने यह भी दावा किया था कि उन्हें कुछ बीजेपी नेताओं का समर्थन हासिल है, जिन्होंने चुनाव लड़ने के लिए आर्थिक मदद की पेशकश की थी।

कर्नाटक में श्री राम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मांगने वाले भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रमोद मुथालिक ने लोगों से कहा कि अगर भाजपा नेता डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी का नाम लेकर वोट मांगने आए तो उन्हें चप्पलों से पीटो। इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में ऐसा दावा किया है। प्रमोद मुथालिक ने 23 जनवरी को घोषणा की थी कि वह करकला से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
'वे नालायक हैं, ये बेकार लोग...'
इंडिया टुडे ने प्रमोद मुथालिक के हवाले से कहा, ''वे नालायक हैं। ये बेकार लोग पीएम नरेंद्र मोदी का नाम लेते हैं लेकिन वे अपने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को नहीं समझेंगे।' प्रमोद मुथालिक ने कथित तौर पर भाजपा नेताओं को मोदी के नाम और तस्वीर का उपयोग किए बिना मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करने की चुनौती भी दी है।
'इस बार बिना मोदी के नाम के वोट मांगकर दिखाए...'
प्रमोद मुथालिक ने कहा, ''इस बार बिना मोदी का नाम लिए वोट मांगे। पैम्फलेट और बैनर पर मोदी की तस्वीर नहीं होनी चाहिए। मतदाताओं से कहें कि आपने विकास किया है, आपने गायों को बचाया है, आपने हिंदुत्व के लिए काम किया है। अपनी छाती पीट-पीटकर शान से वोट मांगने की कोशिश कीजिए कि आपने इतना काम किया।''
'वे फिर आपके दरवाजे पर आएंगे...'
प्रमोद मुथालिक ने कहा, ''वे ऐसा नहीं करेंगे, पीएम मोदी के नाम का उपयोग किए बिना वोट नहीं मांगेंगे, वे फिर से आपके दरवाजे पर आएंगे। आप सभी से निवेदन करेंगे कि 'कृपया अपना वोट मोदी को दें, कृपया अपना वोट मोदी को दें'। अगर वे मोदी का नाम लेते हैं तो उन्हें चप्पलों से मारो...।''
प्रमोद मुथालिक ने लोकायुक्त पुलिस में एक शिकायत दर्ज कर कर्नाटक के करकला विधानसभा क्षेत्र के हेबरी तालुक के शिवपुरा गांव में कथित 'बेनामी' भूमि लेनदेन की व्यापक जांच की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications