स्पाइसजेट ने सभी बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर तत्काल प्रभाव से लगाई पाबंदी
नई दिल्ली। इथोपियंस एयरलाइंस का विमान जिस तरह से उड़ान के महज कुछ ही मिनट के भीतर क्रैश कर गया, उसके बाद दुनियाभर के बड़े देश बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर पाबंदी लगा रहे हैं। ब्रिटेन, जर्मनी, सिंगापुर, फ्रांस सहित कई देशों ने अपने एयर स्पेस में बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर पाबंदी लगा दी है। जिसके बाद भारत ने भी बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर तत्काल प्रभाव से पाबंदी लगा दी। डायरेक्टोरेट जनरल सिविल एविएशन ने बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी थी। जिसके बाद स्पाइसजेट ने भी बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
यात्रियों, क्रू मेंबर की सुरक्षा शीर्ष वरीयता
स्पाइसजेट ने सभी बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर डीजीसीए के फैसले के बाद पाबंदी लगा दी है और इन सभी उड़ान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। कंपनी की ओर से सभी 737 मैक्स विमान को उड़ान भरने से मना कर दिया गया। स्पाइसजेट की ओर से कहा गया है कि यात्रियों, क्रू मेंबर की सुरक्षा हमारे लिए शीर्ष वरीयता है। लिहाजा हम तमाम बोइंग 737 मैक्स विमा की उड़ान को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर रहे हैं और इन सभी विमान के उड़ान भरने पर पाबंदी लगा रहे हैं।
कई देशों ने लगाई पाबंदी
इससे पहले करीब एक दर्जन देश 737-मैक्स की उड़ानों पर प्रतिबंध लगा चुके हैं। 737-मैक्स को कई कैरेबियन एयरलाइंस, इथियोपिया, भारत, सिंगापुर, इंडोनेशिया , ब्राजील, चीन, अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, मंगोलिया, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, रूस, तुर्की, अमेरिका, इटली, और ओमान ने फिलहाल उड़ान भरने से प्रतिबंधित कर दिया है।
सुधार के दिए आदेश
अमेरिकी नियामकों ने बोइंग को मॉडल में तत्काल सुधार करने का भले ही आदेश दिया हो लेकिन ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, सिंगापुर, आस्ट्रेलिया, मलेशिया, आयरलैंड, आइसलैंड और ओमान जैसे देशों ने अपने अपने वायुक्षेत्र में सभी 737 मैक्स विमानों के परिचालन पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। इससे पहले, चीन और इंडोनेशिया भी सोमवार को इन विमानों पर रोक लगा चुके हैं।
इसे भी पढ़ें- ब्रिटेन की संसद ने दूसरी बार थेरेसा मे के ब्रेग्जिट प्रस्ताव को खारिज किया