दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दी मुंबई में दस्तक, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश
नई दिल्ली, 11 जून: दक्षिण-पश्चिम मानसून आज मुंबई और कोंकण के ज्यादातर हिस्सों और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में पहुंच गया है। मुंबई में मानसून की आधिकारिक शुरुआत भी आज यानी 11 जून है। मानसून की आहट के साथ ही मुंबई के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। महाराष्ट्र के कई और जिलों में भी मानसून ने दस्तक दे दी है।
Recommended Video

महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज के साथ मध्यम से तीव्र बारिश होने की बात मौसम विभाग की ओर से कही गई है। आईएमडी ने कहा है कि शनिवार दोपहर बाद मुंबई में बारिश की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून गोवा, कर्नाटक, कोंकण क्षेत्र और मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। पूर्वोत्तर के अलावा, गोवा, तटीय कर्नाटक, कोंकण क्षेत्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कराईकल और माहे में भी भारी बारिश की संभावना है। यहां से आगे बढ़ते हुए मानसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और राजस्थान का रुख करेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम सहित भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत बारिश की भविष्यवाणी की है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जैसे पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
दिल्ली और उत्तर भारत में अभी गर्मी से राहत नहीं
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में सप्ताहांत में अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की कमी आएगी लेकिन 15 जून तक कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications