जानिए कश्मीर के सोपोर में सेना ने किन दो आतंकवादियों को मारा है
सोपोर। बुधवार को कश्मीर के सोपोर में सेना, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर की ज्वॉइन्ट टीम के एनकाउंटर में दो आतंकवादी मारे गए हैं। सेना ने इन दोनों आतंकवादियों की जानकारी सार्वजनिक की है। यह एनकाउंटर उस समय हुआ जब सेना को सोपोर के पजालपोरा गांव में स्थित एक घर में दो आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी।

एक हिजबुल का कमांडर
सेना के एक अधिकारी की ओर से जानकारी दी गई कि कश्मीर के बारामूला जेले के राफियाबाद इलाके में आतंकी मारे गए हैं। दोनों ही आतंकवादी हिजबुल मुजाहिद्दीन के सदस्य थे। एक आतंकी नाम गुलजार अहमद लोन उर्फ इब्राहीम था। इब्राहीम सोपोर का ही रहने वाला था और वह हिजबुल में कमांडर रैंक का आतंकी था। जुलाई 2015 से हिजबुल में सक्रिय गुलजार A+2 का आतंकवादी था। गुलजार के अलावा इस एनकाउंटर में बासित अहमद मीर उर्फ अफाक नामक आतंकी मारा गया है। बासित कश्मीर के पाटन के आंद्रगाम का रहने वाला था और फरवरी 2016 से सक्रिय था। बासित सी कैटेगरी का आतंकवादी था।
रात में कुछ देर के रुकी थी फायरिंग
सेना को इलाके में आतंकवादियों के होने का इनपुट मिला था। इसके बाद सुरक्षाबलों और इलाके को घेरा और एक सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया। एक पुलिस अधिकारी की ओर से बताया गया कि रात में ऑपरेशन को कुछ देर के लिए रोकन पड़ा लेकिन इसके बावजूद इलाके की घेराबंदी इतनी मजबूत थी कि आतंकवादी भाग नहीं पाए। इसके बाद बुधवार को फिर से ऑपरेशन शुरू हुआ और फंसे हुए आतंकियों की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। कई घंटों तक चले ऑपरेशन के बाद सेना ने दो आतंकवादियों को मार गिराने में सफलता हासिल की। सेना को दोनों आतंकवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications