मोहन भागवत के तलाक पर दिए बयान को लेकर बोलीं सोनम- ये बेवकूफाना और पिछड़ी सोच वाला
नई दिल्ली। अभिनेत्री सोनम कपूर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के हाल ही में तलाक को लेकर दिए बयान की कड़ी आलोचना की है। सोनम ने कहा है कि ये बेहद पिछड़ी सोच को दर्शाने वाला और बेवकूफाना बात है। भागवत ने कहा है कि तलाक के मामले अधिक पढ़े लिखे परिवारों में ज्यादा देखने को मिल रहे हैं, क्योंकि इससे अहंकार आ जाता है। इसी को लेकर सोनम ने ये बात कही है।
Recommended Video

सोनम ने ट्वीट कर दिखाया गुस्सा
मोहन भागवत के बयान वाली खबर को रिट्वीट करते हुए सोनम ने लिखा, कोई समझदार इंसान कैसे इस तरह की बात कर सकता है। एकदम मूर्खतापूर्ण और पिछड़ी सोच को जाहिर करता अजीब बयान है ये। सोनम कपूर का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी चर्चित हो रहा है। सोनम के इस ट्वीट पर हजारों लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

ये बोले थे मोहन भागवत
आरएसएस के एक कार्यक्रम में मोहन भागवत ने कहा था, मौजूदा समय में तलाक के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। तलाक के मामले शिक्षित और संपन्न परिवारों में अधिक हैं। इसकी वजह ये है कि शिक्षा और संपन्नता से लोगों में अहंकार आता है जिसका नतीजा परिवारों का टूटना है। परिवार टूटने से समाज भी बिखरता है क्योंकि समाज भी एक परिवार है।

समाजी मुद्दों पर बोलती रहती हैं सोनम
ये पहली बार नहीं है जब सोनम कपूर ने किसी राजनीतिक या सामाजिक मुद्दे पर अपनी राय रखी हो। हाल ही में दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन को लेकर भी उन्होंने ट्वीट किया था। शाहीन बाग और जामिया में फायरिंग की घटना पर उन्होंने लिखा था, कभी सोचा भी नहीं था कि भारत में ऐसा होगा। विभाजनकारी राजनीति बंद करो, ये नफरत फैलाती है, अगर आप खुद को हिंदू समझते हो तो ये समझो कि आपका धर्म आपके कर्म के बारे में होता है।












Click it and Unblock the Notifications