Smriti Irani Love Story: किस शर्त पर बनीं बचपन के दोस्त की दूसरी पत्नी? 'पार्किंग लॉट' में क्यों लिए 7 फेरे?
Smriti Irani Love Story: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर चर्चा में हैं। अभिनय की दुनिया में 'तुलसी' के नाम से घर-घर पहचान बनाने वाली स्मृति ईरानी ने राजनीति में भी लंबी पारी खेली है। 2024 में अमेठी लोकसभा चुनाव हारने के बाद भी वह भाजपा संगठन में सक्रिय बनी रहीं। लेकिन, राजनीति ने एक बार फिर उनको अपनी तरफ खींच ही लिया है।
17 अगस्त को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में राष्ट्रीय महासचिव बनाईं गईं। ऐसे में स्मृति ईरानी की निजी जिंदगी पर सभी का ध्यान केंद्रित हो गया है। अक्सर सवाल उठते रहे हैं कि उनकी और कारोबारी जुबिन ईरानी की प्रेम कहानी आखिर शुरू कैसे हुई? आइए आपको उनकी प्रेम कहानी से रूबरू कराते हैं...

Smriti Irani Zubin Irani Love Story: मॉडलिंग से टीवी तक पहुंचीं स्मृति
स्मृति ईरानी शादी से पहले स्मृति मल्होत्रा के नाम से जानी जाती थीं। मनोरंजन जगत में आने से पहले उन्होंने मॉडलिंग की। इसके बाद टेलीविजन ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई। खासकर 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में तुलसी विरानी का किरदार उनकी पहचान बन गया। लेकिन ग्लैमर की दुनिया में आने का उनका शुरुआती सफर आसान नहीं था। स्मृति ने कई मौकों पर अपने संघर्ष के दिनों का जिक्र किया है। उन्होंने बताया था कि शुरुआती दौर में उनकी कमाई बेहद कम थी और उन्हें आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि शादी के समय भी उनके और जुबिन के पास बहुत ज्यादा पैसे नहीं थे। इसी संघर्ष के दौर में उनकी जिंदगी में जुबिन ईरानी की मौजूदगी अहम हुई।
Who Is Zubin Irani: कौन हैं जुबिन ईरानी?

जुबिन ईरानी कारोबारी हैं और पारसी परिवार से आते हैं। स्मृति और जुबिन की शादी साल 2001 में हुई थी। जुबिन की यह पहली शादी नहीं थी। इससे पहले उनकी शादी मोना ईरानी से हुई थी और दोनों की एक बेटी शैनेल हुई। इसके बाद मोना से जुबिन का तलाक हो गया। इसके बाद, जुबिन की जिंदगी में स्मृति नया प्यार बनकर आईं।
Smriti Irani Zubin Irani First Meeting: पहली मुलाकात कैसे हुई?

2002 के एक पुराने इंटरव्यू में स्मृति ने बताया था कि वह जुबिन को बचपन से जानती थीं। उनके मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच परिचय था और उनकी माताएं एक-दूसरे को जानती थीं। स्मृति ने उस समय मजाकिया अंदाज में बताया था कि जुबिन बचपन में उनकी चोटी खींचकर उन्हें परेशान करते थे। यानी यह रिश्ता अचानक किसी मुलाकात के बाद पैदा हुआ प्रेम नहीं था। दोनों के बीच पहले से पहचान और दोस्ती थी।
फिर कब बदली रिश्ते की दिशा?
स्मृति ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि जुबिन ने शादी की बात रखी, तो उन्हें शुरुआत में यह विचार कुछ अजीब लगा। इसकी एक वजह यह भी थी कि दोनों लंबे समय से दोस्त थे। 2002 के इंटरव्यू में स्मृति ने बताया था कि शादी का प्रस्ताव सीधे किसी फिल्मी अंदाज में नहीं आया था। उनके मुताबिक, प्रस्ताव जुबिन की मां की ओर से उनकी मां तक पहुंचा था। उस समय स्मृति ने इसे लेकर आश्चर्य जताया था, क्योंकि वह जुबिन को एक अच्छे दोस्त के रूप में देखती थीं।
स्मृति ने शादी के लिए क्या शर्त रखी थी?

स्मृति ईरानी ने 2025 में एक मीडिया बातचीत में अपनी शादी के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया कि शादी से पहले उनकी सबसे बड़ी चिंता यह थी कि क्या शादी के बाद वह काम कर पाएंगी? स्मृति के मुताबिक, उन्होंने जुबिन से साफ कहा कि वह काम करना चाहती हैं। जुबिन ने जवाब दिया कि वह जो करना चाहें, कर सकती हैं। स्मृति ने बताया कि यह बातचीत बेहद सहज थी और इसी सहमति के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। यानी स्मृति के लिए शादी का मतलब अपना करियर छोड़ना नहीं था। वह अपने काम को जारी रखना चाहती थीं और जुबिन ने उनके इस फैसले का समर्थन किया।
'पार्किंग लॉट' में हुई थी शादी
स्मृति और जुबिन की शादी की सबसे दिलचस्प बात उसका बेहद साधारण होना है। 2025 के इंटरव्यू में स्मृति ने बताया कि दोनों की शादी उनकी मां की बिल्डिंग की पार्किंग में हुई थी। इसके अगले दिन दोनों ने ताज होटल में लंच किया और फिर अपने-अपने काम पर लौट गए। स्मृति ने अपने अंदाज में बताया कि जुबिन काम के लिए चले गए और वह भी अपने काम में लग गईं। उन्होंने अपनी शादी को किसी बड़ी फिल्मी प्रेम कहानी की तरह पेश करने के बजाय बेहद व्यावहारिक रिश्ते के तौर पर याद किया।
क्यों पार्किंग में करनी पड़ी थी स्मृति को शादी?
स्मृति ने अपने संघर्ष के दिनों के बारे में बताते हुए कहा था कि जब उनकी और जुबिन की शादी हुई, तब दोनों के पास मिलाकर करीब 30 हजार रुपये थे। मूल रूप से 3 जुलाई 2000 से शुरू हुए, 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से स्मृति को जबरदस्त लोकप्रियता मिली। उन्होंने बताया था कि उस समय भी वह कई बार ऑटो से सफर करती थीं, जबकि उनका मेकअप आर्टिस्ट कार से आता था। यानी शादी के समय दोनों की आर्थिक स्थिति आज की तुलना में बिल्कुल अलग थी। स्मृति का करियर बाद में जिस ऊंचाई तक पहुंचा, उसकी शुरुआत बेहद साधारण परिस्थितियों से हुई थी।
जुबिन की पहली शादी और मोना का मुद्दा
स्मृति और जुबिन की शादी से जुड़ा सबसे ज्यादा चर्चा वाला हिस्सा जुबिन की पहली शादी है। जुबिन की पहली पत्नी मोना ईरानी थीं। दोनों की एक बेटी शैनेल है। बाद में जुबिन और मोना अलग हो गए और स्मृति ने जुबिन से शादी की।
लेकिन स्मृति ने कभी यह स्वीकार नहीं किया कि उन्होंने किसी 'बचपन की दोस्त' के पति को अपना जीवनसाथी बनाया। 2023 में जब एक सोशल मीडिया यूजर ने उनसे इसी तरह का सवाल किया तो स्मृति ने स्पष्ट किया कि मोना उनसे 13 साल बड़ी हैं और उनकी बचपन की सहेली नहीं थीं। उन्होंने मोना को 'फैमिली' बताया और लोगों से उन्हें राजनीतिक विवादों में न घसीटने की अपील की।
पुराने मीडिया रिकॉर्ड यह भी दिखाते हैं कि स्मृति और मोना के बीच बाद में भी सौहार्दपूर्ण संबंध रहे। 2007 की एक रिपोर्ट के मुताबिक मोना ने स्मृति की प्रोडक्शन कंपनी के साथ काम भी किया था।
Smriti Irani Zubin Irani Kids: स्मृति और जुबिन के कितने बच्चे हैं? कौन है सौतेली बेटी?

स्मृति और जुबिन के दो बच्चे हैं। बेटे का नाम जोहर और बेटी का नाम जोइश। इसके अलावा जुबिन की पहली शादी से बेटी शैनेल हैं, जिन्हें स्मृति अपनी सौतेली बेटी के रूप में परिवार का हिस्सा मानती हैं। शैनेल ने कानून की पढ़ाई की और बाद में अर्जुन भल्ला से शादी की। 2023 में उनकी शादी राजस्थान के खिमसर फोर्ट में हुई थी। स्मृति इस शादी में परिवार के बेहद करीबी सदस्य की तरह नजर आईं।
Smriti Irani Political Career: राजनीति में स्मृति की एंट्री
टीवी की दुनिया में 'तुलसी' के रूप में लोकप्रिय होने के बाद स्मृति ईरानी ने राजनीति का रास्ता चुना। वह भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय हुईं और आगे चलकर राष्ट्रीय राजनीति का बड़ा चेहरा बनीं। उन्होंने 2004 में लोकसभा चुनाव लड़ा और बाद में भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण भूमिकाएं संभालीं। 2014 में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने के बाद उनकी राष्ट्रीय पहचान और मजबूत हुई। 2019 में उन्होंने अमेठी में राहुल गांधी को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में वह अमेठी सीट से हार गईं, लेकिन भाजपा में उनकी राजनीतिक भूमिका खत्म नहीं हुई।


Click it and Unblock the Notifications
