'भ्रूण नहीं बचा,वरना वो भी दिखाती', गर्भपात के 1 दिन बाद शूटिंग पर बुलाए जाने पर सालों बाद छलका स्मृति का दर्द
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी'की तुलसी विरानी बनकर रातों-रात मशहूर होने वाली स्मृति ईरानी ने हाल ही में अपने जीवन के संघर्ष पर बात की है। उन्होंने अपने गर्भपात के दिनों में शूटिंग के अनुभव बताए हैं।

Smriti Irani Life Story: एक्ट्रेस से नेता बनीं स्मृति ईरानी ने हाल ही में अपनी जिंदगी के संघर्ष के बारे में बात की है। एकता कपूर के शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से रातों-रात मशहूर होने वाली स्मृति ईरानी ने अपने एक लेटेस्ट इंटरव्यू में उन दिनों की बात की है,जब वह टीवी शो में काम कर रही थीं। स्मृति ईरानी ने बताया कि कैसे उन्हें गर्भपात के एक दिन बाद ही शूट के लिए बुलाया गया था। स्मृति ईरानी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा उनकी को-एक्ट्रेस, शो की निर्माता एकता कपूर को लगा था कि वो मिसकैरिज का ड्रामा कर रही हैं।

गर्भपात पर मिला जीवन का बड़ा सबक!
स्मृति ईरानी उन दिनों दो टीवी शो रामायण और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' की शूटिंग कर रही थीं। रवि चोपड़ा, जो रामायण के निर्माता थे, उन्होंने वैसी हालत में स्मृति को आराम करने के लिए कहा था। नीलेश मिश्रा से बात करते हुए स्मृति ईरानी ने बताया कि गर्भपात होने के बाद उन्हें जिंदगी की बहुत बड़ी सबक मिली थी।
स्मृति ईरानी ने बताया कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी'निर्माताओं के लिए शेड्यूल को शिफ्ट करना आसान था। उस वक्त शो में 50 और कलाकार काम करते थे। लेकिन रवि चोपड़ा की रामायण में केवल एक सीता थी और उसे बदला नहीं जा सकता था। लेकिन फिर भी रवि चोपड़ा स्मृति को आराम करने को कहा और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी'के मेकर ने उन्हें गर्भपात के एक ही दिन बाद शूटिंग पर बुलाया।

स्मृति ईरानी ने बताया कैसे हुआ गर्भपात
स्मृति ईरानी ने कहा,'मैं 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी'के सेट पर थी और मैंने टीम को बताया कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है। हालांकि मुझे उस वक्त नहीं पता था कि मैं प्रेग्नेंट हूं। उस दिन किसी को भी विश्वास नहीं हुआ कि मैं सच में अस्वस्थ हूं। मैंने उन्हें कहा कि पहले मेरे सारे सीन शूट कर लें..क्योंकि मेरी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। लेकिन मैंने काम बंद नहीं किया। जब मैं सेट से निकली तो शाम हूं चुकी थी। मैंने अपने डॉक्टर से कहा कि मैं अस्वस्थ हूं और उन्होंने मुझे एक अस्पताल जाने और सोनोग्राफी करवाने के लिए कहा। मैं उस वक्त मुंबई में 4 बंगलों के बाजार में थी। जुबिन (जुबिन ईरानी पति) देश से बाहर थे और मेरा बेटा जोहर घर पर था। बारिश हो रही थी और अचानक से मुझे खून बहने लगा। तो मैंने ऑटोरिक्शा वाले को लोखंडवाला में एक स्थानीय क्लिनिक में मुझे ले जाने के लिए कहा।''

'दर्द में चिल्ला रही थी और नर्स ऑटोग्राफ मांगने आई...'
स्मृति ईरानी ने आगे कहा, ''जैसे ही मैं क्लिनिक पहुंची तो नर्स ऑटोग्राफ मांगने के लिए दौड़ी आई। मेरा खून बह रहा था लेकिन फिर भी मैंने ऑटोग्राफ दिए। मैंने उससे पूछा,''मुझे एडमिट कर लोगो, मुझे लगता है कि मेरा मिसकैरिज हो गया है।" उसके बाद मैंने अपने काम की जगह पर फोन किया और किसी को मेरे बेटे जोहर के साथ रहने के लिए कहा।''

'कोई नहीं 2 बजे वाली शिफ्ट में आ जाओ...'
स्मृति ईरानी ने आगे कहा, ''बाद में उसी रात 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' की प्रोडक्शन टीम से फोन आया। उन्होंने मुझे अगले दिन शूटिंग फिर से शुरू करने के लिए कहा। मैंने उन्हें कहा, मैंने बताया न कि मेरा गर्भपात हो गया है। लगातार खून आ रहा है। लेकिन प्रोडक्शन टीम ने जवाब दिया, 'कोई नहीं, 2 बजे की शिफ्ट में आ जाना।'
स्मृति ईरानी ने बताया कि उनका शेड्यूल ऐसा था कि वह डबल शिफ्ट में काम करती थीं। पहले हाफ में वह सुबह 7 बजे से रवि चोपड़ा की रामायण की शूटिंग करती थीं और दूसरे हाफ में एकता कपूर की 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी'के लिए दोपहर 2 बजे शूटिंग करती थीं।

'रवि चोपड़ा ने कहा- आराम करो...'
स्मृति ईरानी ने बताया कि रवि चोपड़ा को जब उन्होंने ये बताने के लिए फोन किया कि उनका गर्भपात हो गया है और उन्होंने उन्हें आराम करने के लिए कहा। स्मृति ने बताया, 'मैंने रवि चोपड़ा को यह बताने के लिए फोन किया था कि मैं सुबह 7 बजे तक ज्वाइन नहीं कर पाऊंगी, 8 बजे तक पहुंच सकती हूं। क्योंकि पहले मुझे अस्पताल से घर जाना था और फिर शूटिंग के लिए आना था। लेकिन ये सुनने के बाद रवि चोपड़ा ने जो मुझसे कहा, उसे मैं कभी नहीं भूल पाएंगी।'
स्मृति ईरानी ने बताया, 'रवि चोपड़ा ने मुझसे कहा ''तुम्हारा दिमाग खराब है,क्या तुम पागल हो गई हो, क्या तुम ये नहीं जानती कि एक बच्चे को खोने पर कैसा महसूस होता है। आप अभी-अभी इससे गुजरीं हैं। कल आने की जरूरत नहीं।" मैंने जोर दिया और कहा, ''रवि जी संडे का एपिसोड है, सीता की जगह कोई और नहीं हो सकती है। लेकिन उन्होंने मुझसे कहा,''मैं कर मैनेज कर लूंगा।''
स्मृति ने यह भी कहा कि उन्होंने रवि चोपड़ा को बताया कि उन्हें 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी'की शूटिंग के लिए दोपहर 2 बजे जाना ही है। नहीं तो मुझे निकाल दिया जाएगा। तो उन्होंने मुझे कहा, "उनका पता नहीं, मुझे मेरा पता है, अगर वहां जाना है तो जाओ लेकिन मेरी शिफ्ट में तुम आराम करो।''

सेट पर लोगों का लगा कि स्मृति ड्रामा कर रही हैं...
स्मृति ने कहा, 'जब मैं शूटिंग के लिए गई तो मेरे को-एक्टर एकता को मेरे खिलाफ भड़का रहे थे और कह रहे थे कि गर्भपात के बारे में झूठ बोल रही है। उस व्यक्ति ने कहा अरे इसका क्या बच्चा वच्चा मरता तो क्या कोई शूटिंग के लिए आता। उस व्यक्ति को पता ही नहीं चला कि मैं काम करने के लिए सेट पर वापस आ गई थी। मैं इसलिए वैसी हालत में काम पर गई थी क्योंकि मुझ पर जिम्मेदारियां थीं।'
उन्होंने आगे कहा, 'यह 2001 की बात है, मुझे अपने घर की ईएमआई चुकाने के लिए पैसों की जरूरत थी। मैंने उस दिन की शूटिंग पूरी की और अगले दिन, मैं अपने सारे मेडिकल पेपर लेकर एकता से मिलने पहुंची और उन्हें बताया कि यह ड्रामा नहीं है। वह असहज हो गईं और मुझसे कहा कि कागजात मत दिखाओ। मैंने उससे कहा, "अगर तुमने उसकी बात पर थोड़ा भी विश्वास किया है तो यह सबूत है। भ्रूण बचा नहीं, वरना वो भी दिखा देती आपको।'












Click it and Unblock the Notifications